logo

गिरिडीह में ट्रांसफार्मर चोरी की साजिश नाकाम, 3 गिरफ्तार

hetnnuime,.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तार चोरी करने की साजिश रच रहे तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 6 और 7 मार्च की रात जीटी रोड किनारे, प्रतापपुर स्थित बिजली विभाग के पावर हाउस में की गई। जानकारी के अनुसार, छह अपराधी पावर हाउस में घुसकर ट्रांसफार्मर खोलकर उसके तार चोरी करने की योजना बना रहे थे। सभी आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए विभिन्न औजार और हथियार लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान निमियाघाट थाना पुलिस को सूचना मिली और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपराधियों का पीछा किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार अपराधियों में श्याम कुमार पंडित (31 वर्ष), अरुण कुमार पंडित (25 वर्ष) और विकास कुमार (26 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी बास्ताकोला (राज एरिया), थाना झरिया, जिला धनबाद के निवासी हैं। अरुण कुमार पंडित का स्थायी पता थाना अकबरपुर, जिला नवादा (बिहार) बताया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने निमियाघाट थाना क्षेत्र के रोशनाटुंडा में 12 बंद घरों में चोरी करने और खंखीकला से मोबाइल टावर की बैटरी चोरी करने की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पूर्व में निमियाघाट थाना क्षेत्र से चोरी किए गए एक ट्रक का टायर रिम भी बरामद किया गया है। फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (JH-09AN-5965) समेत कई औजार जैसे रेंच, पाइप रेंच, कटर, चाकू, प्लास और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो, पुलिस निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार सहित थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

 

Tags - Giridih police news Nimiaghat police action Transformer theft attempt Giridih Theft of electrical equipment Arrested criminals in Jharkhand Jharkhand police crackdown Mobile tower battery theft Theft prevention news Jharkhand