रांची
रांची नगर निगम के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह 19 मार्च को आयोजित किया जाएगा। नगर निकाय चुनाव में जीत हासिल करने वाले प्रत्याशी उपायुक्त कार्यालय में शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलखो के साथ कुल 53 वार्ड पार्षद भी शपथ ग्रहण करेंगे।
शपथ ग्रहण के बाद नगर निगम की नई टीम शहर के विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान पर काम शुरू करेगी। खास तौर पर जल संकट, सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत और नाली निर्माण जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ ध्यान दिया जाएगा।

उसी दिन होगा डिप्टी मेयर का चुनाव
शपथ ग्रहण समारोह के दिन ही डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। सबसे पहले उम्मीदवारों से नामांकन पत्र दाखिल कराया जाएगा। इसके बाद नाम वापस लेने के लिए करीब आधे घंटे का समय दिया जाएगा।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान कराया जाएगा और उसी दिन परिणाम की घोषणा भी कर दी जाएगी। इस चुनाव में 53 वार्ड पार्षद मतदान कर डिप्टी मेयर का चयन करेंगे। नगर निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद शहर में उत्साह का माहौल है। नवनिर्वाचित पार्षद अब अपने-अपने वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय होंगे। पार्षद अपने वार्डों को बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए योजनाओं पर काम करेंगे। साथ ही वे नगर निगम की बैठकों में भाग लेकर शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करेंगे।
