द फॉलोअप डेस्क
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जरी विभाग में एक बेहद ही अनोखा मामला सामने आया है। यहां 78 साल के बुजुर्ग रामराज के पेट से ऑपरेशन के दौरान करीब 8 सेंटीमीटर आकार और 200 ग्राम वजनी अंडे जैसी आकृति निकाली गयी। खास बात ये रही कि डॉक्टरों ने इसे दूरबीन विधि (लेप्रोस्कोपिक सर्जरी) से सफलतापूर्वक निकाला।
रामराज, देहरादून के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. शशिभूषण प्रसाद के पिता हैं। उन्हें लंबे समय से पेट दर्द की समस्या थी। पहले अल्ट्रासाउंड और फिर सीटी स्कैन में उनके पेट में मूत्राशय और बड़ी आंत के बीच एक अजीबोगरीब अंडे के आकार की चीज नजर आई। न तो ये पथरी लग रही थी और न ही सामान्य ट्यूमर जैसा।
सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अभय कुमार ने बताया कि जांच के बाद पता चला कि यह स्थिति ‘जाइंट पेरिटोनियल माउस’ है, जो बेहद दुर्लभ केस है। मरीज को इसके साथ-साथ पित्त की थैली में पथरी, सांस की परेशानी और न्यूरोलॉजिकल दिक्कतें भी थीं। करीब एक महीने की तैयारी के बाद सर्जरी की गई। डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन को पूरी तरह सफल बनाकर मरीज को राहत दिलाई।
