logo

पराजय के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने कहा, LS चुनाव मिलकर लड़ेंगे INDIA गठबंधन के सभी दल 

KHARGE.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बड़ा बयान दिया है। खड़गे ने कहा है कि 2024 का लोकसभा चुनाव इंडिया गठबंधन में शामिल सभी दल मिलकर लड़ेंगे। कहा कि जल्दी ही इस बाबत एक इंडिया गठबंधन की एक अहम बैठक बुलायी जायेगी। इसके लिए स्थान का चयन भी जल्द ही किया जायेगा। कहा कि इस हार से न सिर्फ कांग्रेस को बल्कि उन सभी पार्टियों को संदेश लेना चाहिये, जो बीजेपी को दिल्ली की सत्ता से हटाना चाहते हैं। हमें फिर से अपनी नीतियों पर विचार करने की जरूरत है। 

 

हार को जनता का जनादेश बताया 

वहीं, तीन राज्यों में मिली हार पर उन्होंने इसे जनता का मिला जनादेश बताया है। कहा कि हार के कारणों की समीक्षा होगी। इसके लिए भी कांग्रेस के आला नेताओं की बैठक बुलाने पर विचार हो रहा है। उन्होंने तेलंगाना में कांग्रेस की जीत के लिए जनता और कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। खड़गे ने एक ट्वीट में लिखा है, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर विश्वास और भरोसा जताने के लिए मैं तेलंगाना के मतदाताओं का धन्यवाद करता हूं। मैं उन सभी का भी धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हमें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश एवं राजस्थान में वोट दिया।

अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहे हैं, परंतु हमें विश्वास है कि हम मेहनत एवं दृढ़निश्चय से मज़बूती से वापसी करेंगे। खड़गे ने आगे कहा है, कांग्रेस पार्टी ने पूरे दम ख़म के साथ इन चार राज्यों के चुनाव में भाग लिया। मैं अपने अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। हमें इस हार से हताश हुए बग़ैर इंडिया दलों के साथ, दोगुने जोश से लोकसभा चुनाव की तैयारी में लग जाना है।