द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गुजरात दौरे के दौरान एक दिलचस्प घटना घटी। शनिवार को वे जूनागढ़ से राजकोट के लिए 22 गाड़ियों के काफिले के साथ रवाना हो गए, लेकिन उनकी पत्नी साधना सिंह पीछे ही रह गईं। करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने के बाद उन्हें याद आया कि पत्नी तो साथ में हैं ही नहीं।
इसके बाद काफिला तुरंत यू-टर्न लेकर मूंगफली शोध केंद्र लौटा, जहां साधना सिंह वेटिंग रूम में बैठी थीं। दरअसल, शिवराज सिंह गुजरात दौरे के तहत सोमनाथ ज्योतिर्लिंग और गिर के जंगल घूमने के बाद मूंगफली शोध केंद्र पहुंचे थे। यहां उन्होंने किसानों और लखपति दीदी योजना से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। कार्यक्रम के बाद उन्हें समय पर राजकोट एयरपोर्ट पहुंचना था, लेकिन रास्ता खराब होने के कारण वे जल्दी में मंच से उतरे और पत्नी को भूल काफिले के साथ निकल पड़े। जब ध्यान आया तो फोन कर संपर्क साधा और फिर वापस लौटकर पत्नी को साथ लिया।
