सरायकेला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रविवार को हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने से मोहम्मद फैयाज आलम उर्फ पिजू (37) घायल हो गया। गोली उसकी कमर को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद पुलिस ने घायल को तत्काल PCR वाहन से ब्रह्मानंद अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मो. शोएब को हिरासत में लिया है
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर मोहम्मद शोएब (20) को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर घटना में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर दो राउंड गोली चलने की बात सामने आई है।
ब्राउन शुगर की बिक्री का विरोध पड़ा महंगा
घायल के दोस्त और डांगरडीह निवासी मोहम्मद साजिद ने आरोप लगाया कि इलाके में कथित ब्राउन शुगर की बिक्री का विरोध करने को लेकर युवकों के एक समूह ने गोलीबारी की। साजिद के अनुसार, घटना के समय चार से पांच युवक मौके पर मौजूद थे। उसका आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसे निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद चलाई गई दूसरी गोली मोहम्मद फैयाज उर्फ पिजू को लग गई। साजिद ने अयान बच्चा और लक्की नामक युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। ब्राउन शुगर के कथित कारोबार और गोलीबारी की घटना में बताए जा रहे युवकों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
चांडिल एसडीपीओ डूसरू बानसिंग ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।