logo

जमशेदपुर में गोली मारकर युवक की हत्या, पुरानी दुश्मनी में वारदात की आशंका

FIRING1815.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के देवनगर स्थित पीपुल्स एकेडमी स्कूल के पीछे मंगलवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय शेखर सैंडिल के रूप में हुई है। घटना रात करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

शेखर की बहन सरस्वती दास के मुताबिक, जब वह देर रात घर पहुंची, तो देखा कि उसका भाई घर के बाहर खून से लथपथ गिरा पड़ा है। उसकी नब्ज धीमी थी और शरीर से काफी खून बह चुका था। सरस्वती ने पड़ोसियों की मदद से तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शेखर को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

पुरानी दुश्मनी में हत्या की आशंका
सरस्वती दास ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शेखर का स्थानीय युवक राहुल सिंह और उसके साथी डब्लू (देवनगर निवासी) के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में दोनों ने मिलकर हत्या कराई है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि राहुल सिंह इलाके में अवैध शराब की भट्टी चलाता है, जिसका कई बार आसपास के लोगों ने विरोध किया था। इसी को लेकर शेखर और राहुल के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हुई थी। परिवार ने बताया कि विवाद बढ़ने के बाद राहुल ने शेखर को पहले भी खुलेआम धमकी दी थी।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिसपुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। संदिग्धों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मोहल्ले के लोगों पूछताछ की जा रही है।

काम खत्म करके रात में लौटता था घर
मृतक शेखर नया कोर्ट के पास एक निजी पार्किंग में काम करता था और रोज की तरह मंगलवार रात भी काम से लौट रहा था। घर आने से पहले ही उसे निशाना बनाया गया। इलाके में वारदात के बाद तनाव है और पुलिस ने एहतियातन पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jamshedpur news jamshedpur khabar crime news firing news