जामताड़ा:
जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग पर बिजली ऑफिस स्थित पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसे में दोस्तों के साथ स्कूटी से वीडियो शूट करने जा रहे 3 युवकों को एक तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके 2 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा के एसडीओ अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम राजा, बीडीओ और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया और वार्ता शुरू की।

डंपर चालक की गलती से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, तिलाबाद गांव निवासी रोनित राय अपने 2 दोस्तों विक्की राय और आयुष कुमार के साथ स्कूटी से वीडियो शूट करने के लिए पर्वत विहार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप स्कूटी में तेल डलवाने के लिए वे मुड़े। घायल युवक के मुताबिक डंपर चालक बिना इंडिकेटर दिए गलत दिशा से पेट्रोल पंप में घुस रहा था, इस समय हम लोग डंपर के चपेट में आ गए।

रोनित का सिर कुचल गया बेकाबू डंपर
हादसा इतना खौफनाक था कि स्कूटी चला रहा रोनित सीधे डंपर के बीच वाले चक्के के नीचे आ गया और डंपर का पहिया उसके सिर को कुचलते हुए निकल गया। वहीं, उसके दोनों दोस्त डंपर के किनारे के हिस्से से टकराकर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोनित को मृत घोषित कर दिया। अन्य 2 घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पति के बाद इकलौते बेटे की मौत से टूटी मां
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक रोनित राय की मां कल्पना राय जामताड़ा थाना में ही चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। इस घटना ने उन्हें पूरी तरह से सुन्न कर दिया है। बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले ही कल्पना राय के पति की मौत भी एक सड़क हादसे में हो गई थी। अब पति के बाद उनके इकलौते बेटे की इस तरह मौत हो जाने से मां और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे तिलाबाद गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है। मृतक मूल रूप से थाना क्षेत्र के तिलाबाद का रहने वाला है