logo

बलिराजगढ़ गोलीकांड पर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस को खदेड़ा

बलिराजगढ़ गोलीकांड पर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस को खदेड़ा

द फॉलोअप डेस्क:

ऐतिहासिक बलिराजगढ़ (Balirajgarh) की सुरक्षा में तैनात एक पुलिस जवान की ओर से घर में घुसकर की गई अंधाधुंध गोलीबारी (Police Firing) के बाद मधुबनी के बाबूबरही इलाके में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। घटना से नाराज ग्रामीणों ने खोजपुर गांव (Khojpur Village) के पास सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आक्रोशित लोगों ने बाबूबरही-खुटौना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। ग्रामीण प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी जवान की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग पर अड़े हैं।

पुलिस बल का विरोध, आधा किलोमीटर तक पीछे खदेड़ा

घटना की सूचना मिलने के बाद हालात पर काबू पाने के लिए मधुबनी से बज्र वाहन के साथ पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। लेकिन वहां पहले से मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने 'पुलिस वापस जाओ' और 'गो बैक' के नारे लगाते हुए जवानों को करीब आधा किलोमीटर तक पीछे खदेड़ दिया। विरोध के कारण पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा। आसपास के कई गांवों के लोग भी धरना स्थल पर पहुंच गए हैं। ग्रामीणों ने मुख्य सड़क के अलावा संपर्क मार्गों को भी बांस-बल्ले लगाकर बंद कर दिया है। इसके कारण खुटौना की ओर जाने वाले रास्तों पर भी आवागमन ठप हो गया है।

सुबह चार बजे घटनास्थल पहुंचे एसपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार मंगलवार अहले सुबह करीब चार बजे ही घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लिया और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाबूबरही थाने में कैंप कर रहे हैं। इलाके के संवेदनशील चौराहों और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। वहीं, एसपी ने सदर अस्पताल पहुंचकर गोलीबारी में घायल लोगों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए।

फरार जवान की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित

एसपी योगेंद्र कुमार के अनुसार, गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस जवान मौके से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया है। दोनों टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने फरार जवान के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में जल्द न्याय सुनिश्चित करने के लिए स्पीडी ट्रायल चलाने की बात भी कही गई है। फिलहाल, पुलिस प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती इलाके में बिगड़े हालात को सामान्य करना और फरार जवान को गिरफ्तार करना है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Madhubani Balirajgarh Firing Balirajgarh Police Firing Incident