logo

एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन शर्मनाक : सुदेश महतो

SUDESH13.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शर्ट उतारकर प्रदर्शन किए जाने की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का यह कृत्य शर्मनाक, निंदनीय और अस्वीकार्य है। कांग्रेस ने यह साबित कर दिया है कि उसे देश की गरिमा की कोई फिक्र नहीं। राहुल गांधी भी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की गरिमा तथा छवि को क्षति पहुंचाते रहते हैं।

श्री महतो ने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव समेत कई देशों के राष्ट्रध्यक्ष, वैश्विक नेता, टेक्नोलॉजी लीडर, नीति-निर्माता, नवोन्मेषक और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं और एआई के भविष्य एवं दिशा पर ऐतिहासिक चर्चा हो रही है। इस समिट के सफल आयोजन तथा नेतृत्व के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की सराहना की जा रही है। कांग्रेस को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार की पहल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिले। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन का राजनीतिक विद्वेष तथा कुंठा के शमन के लिए इस्तेमाल करना अशोभनीय और शर्मनाक है। श्री महतो ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि तथा गरिमा के संबंध में दलीय सीमा से हटकर एकजुटता दिखाने की परम्परा रही है। लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की गरिमा को नुकसान पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जाता रहा है। इसे देश की प्रतिष्ठा तथा भविष्य के लिए सही नहीं माना जा सकता।

Tags - Jharkhand Sudesh Mahto AI Impact Summit Youth Congress reaction called it shameful