logo

रांची : AJSU का युवा आक्रोश रैली 12 को, सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे झारखंडी नौजवान

sudesh8.jpg

रांचीः
स्वामी विवेकानंद की जयंती तथा राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आजसू छात्र संघ की तरफ से विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी।  इस दौरान अखिल झारखंड छात्र संघ के सभी प्रदेशस्तरीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा झारखंड के नौजवान विधानसभा मैदान से मोराबादी बापू वाटिका तक पैदल मार्च कर हेमंत सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे। यह जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष गौतम सिंह ने दी हैं। आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता प्रो. विनय भरत ने कहा कि झारखंड के युवाओं को इस सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में सिर्फ आश्वासन मिला है। नियोजन नीति, रोजगार, बेरोजगारी भत्ता के नाम पर युवा ठगे गए है। मुख्यमंत्री ने एक साल में 5 लाख नौकरियां देने के वादे किए थे, लेकिन 3 साल में महज साढ़े पांच सौ नियुक्तियां हुई हैं। युवाओं के हाथ से नियुक्तियां निकली जा रही हैं। अखबारों में वेकैंसी, परीक्षाओं की सूचनाएं आती हैं, लेकिन इनकी लचर नीतियों की वजह से सब धरी रह जाती हैं। 

युवाओं के पास सिर्फ सड़क और संघर्ष 

गरीब, किसान, मजदूर अपनी वर्तमान सामाजिक-आर्थिक परिस्थियों से जूझते हुए अपनी बेटी-बेटियों को शिक्षा दिलाने में अपना सबकुछ लुटा देते हैं। लेकिन उनके हाथ सिर्फ निराशा आती है। पीटी परीक्षा होती है, तो मेंस परीक्षा रद्द हो जाती और मेंस परीक्षा होती है, तो इंटरव्यू रद्द कर दिया जाता है। अगर सभी परीक्षाएं और इंटरव्यू संपन्न हो जाते हैं, तो सरकार की असंवैधानिक नीतियों के कारण न्यायालय पूरी परीक्षा को ही रद्द कर देती है। ऐसे में झारखंड के युवाओं के पास बस एक ही उपाय बचता है, सड़क और संघर्ष। 


नियोजन नीति को लेकर सरकार की स्पष्ट मंशा नहीं  
आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि सरकार ने स्थानीय नीति को नियोजन का आधार क्यों नहीं बनाया। हमने शुरू से इस विषय पर अपनी आवाज मुखर की है। नियोजन नीति को लेकर शुरु से ही सरकार की स्पष्ट मंशा नहीं है, इसलिए वह चीजों को और उलझाने का रास्ता प्रशस्त करती रही है। सरकार की असंवैधानिक नीतियों और राज्य के युवाओं की वर्तमान स्थिति एवं हालात को देखते हुए आजसू ने 12 जनवरी को आक्रोश मार्च निकालने का निर्णय लिया है, जिसका नेतृत्व पार्टी की सहयोगी इकाई अखिल झारखण्ड छात्र संघ करेगी। 


बैठक में ये सभी रहे मौजूद 
युवा आक्रोश मार्च को लेकर आज रांची स्थित आजसू पार्टी प्रधान कार्यालय में अखिल झारखण्ड छात्र संघ के प्रदेशस्तरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से डॉ. देवशरण भगत, गुंजल इकिर मुंडा, प्रो. विनय भरत, हरीश कुमार, गौतम सिंह, अब्दुल जब्बार, गदाधर महतो, नीरज वर्मा, ओम वर्मा, अरविंद महतो, संदीप साहू, चेतन प्रकाश, अनुराग भारद्वाज, अभिषेक झा,  सूरज, प्रिंस,  राहुल मिश्रा, राजकिशोर महतो, देवा महतो, विजय कुमार, धर्मराज प्रधान, तापस महतो, विराट, शेखर महतो, नीतीश निराला, आशुतोष कुमार, कैलाश महतो, मदन, बबलू, ज्योतिष, रोशन सेठ, संतोष तांती, कुंवर महतो, हिमांशु, नीतीश महतो, जानकी महतो, केशव पाठक, अभिषेक शुक्ला, अनुराग साहू, जमाल गद्दी, महावीर महतो, सचित कुमार आदि मौजूद रहें।