logo

जनरल स्टोर की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार, 161 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ महिला गिरफ्तार

chaibasa___.jpg

द फॉलोअप डेस्क

चाईबासा सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा नीमडीह स्थित सिद्धेश्वर मंदिर के समीप एक जनरल स्टोर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने उक्त जनरल स्टोर से 161 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दुकान की संचालिका संगीता तिवारी को गिरफ्तार किया है। जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। चाईबासा की सदर थाना पुलिस इसे नशे के खिलाफ अपने अभियान में बड़ी कामयाबी मान रही है। 

पहले भी नशे के खेल में पकड़ी जा चुकी है महिला
यह पहली बार नहीं, आरोपी महिला संगीता तिवारी पहले भी जेल जा चुकी है। गिरफ्तार महिला संगीता तिवारी का आपराधिक इतिहास पुराना है। वह बीते वर्ष भी ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में जेल जा चुकी है। वहीं, जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से उसी नशे के कारोबार को चुना।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने साफ कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस अधीक्षक को बड़ा नीमडीह के एक जेनरल स्टोर में नशे के अवैध कारोबार के संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। जिसका सत्यापन करते हुए उक्त दुकान में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने 161 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दुकान संचालिका संगीता तिवारी को गिरफ्तार किया। जिसके विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत कांड दर्ज किया गया है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update ranchi news ranchi khabar chaibasa news chaibasa khabar chaibasa update