logo

झारखंड में अगले दो दिन बदला रहेगा मौसम, 14 जिलों में अलर्ट; जानें अपने जिले का हाल

झारखंड में अगले दो दिन बदला रहेगा मौसम, 14 जिलों में अलर्ट; जानें अपने जिले का हाल

द फॉलोअप डेस्क: 
Jharkhand Weather Update: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 8 और 9 अक्तूबर को रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, एक-दो बार हल्की बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 अक्तूबर से राज्य के लगभग सभी जिलों में आसमान साफ होने लगेगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 12-13 अक्तूबर से दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड से लगभग विदा होने के आसार हैं। ऐसे में अगले सप्ताह से राज्य में शुष्क मौसम का सिलसिला शुरू हो सकता है।

दिन के तापमान में बढ़ोतरी के आसार
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 9 अक्तूबर को रांची के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। 10 अक्तूबर को आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन की भी संभावना है। 10 अक्तूबर से दिन के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जबकि रात के तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से राज्य में गुलाबी ठंड का एहसास होने लगेगा। सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने के बाद मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा। मौसम में यह बदलाव दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा है।

रांची समेत कई जिलों में गिरा तापमान
इस बीच बुधवार को रांची में छिटपुट बारिश हुई, जबकि लातेहार में 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के कारण रांची समेत कई जिलों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रांची में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सुबह-शाम बढ़ेगी ठंडक
मौसम में बदलाव के कारण आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने की संभावना है। वहीं, 10 अक्तूबर के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने से दिन और रात के मौसम में अंतर स्पष्ट रूप से महसूस किया जा सकता है।

Tags - Jharkhand Weather Ranchi Weather Weather Update Today Rain Alert Jharkhand Jharkhand News