logo

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से मिली राहत; कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

weatherr1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण राजधानी रांची समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश और बादलों की आवाजाही से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं खेतों में नमी बढ़ने से किसानों के चेहरे पर भी खुशी लौटने लगी है। शनिवार को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।

राज्य के विभिन्न इलाकों में मौसम विभाग की चेतावनी 

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 13 से 19 जून के बीच राज्य के विभिन्न इलाकों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इस अवधि में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार 14 और 15 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों में तामपान कुछ इस प्रकार रहा 
पिछले 24 घंटों के दौरान रामगढ़ जिले में सबसे अधिक 15.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस के साथ डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 16 जून तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

इसके बाद 17 और 18 जून के दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम फिलहाल सुहावना बना हुआ है, लेकिन वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
 

Tags - Jharkhand Weather UpdateRanchi Rain NewsMonsoon In JharkhandWeather Alert JharkhandRainfall Forecast Ranchi