logo

हजारीबाग के कोसुंभा गांव में नाबालिग हत्या विरोध में विष्णुगढ़ बाजार बंद, लोग दोषियों की गिरफ्तारी की मांग में सड़कों पर उतरे

hazaribaag_news.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड के कोसुंभा गांव में 12 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना के विरोध में आज सोमवार को विष्णुगढ़ पूरी तरह बंद है। दुकानदारों ने स्वतः अपनी दुकानें बंद कर दी हैं, जिससे पूरे बाजार में सन्नाटा पसरा है और हालात ऐसे हैं मानो लॉकडाउन लागू हो गया हो। इस बंदी के दौरान आंदोलनकारी तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सात माइल मोड़ के पास विष्णुगढ़-हजारीबाग रोड करीब आधे घंटे जाम रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सात माइल मोड़, हॉस्पिटल मोड़ व अखाड़ा चौक तक बाइक सवार मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर दुकानों को बंद कराया गया। रविवार शाम निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान ही बंद का ऐलान किया गया था, जिसके बाद आज सोमवार को लोग एकजुट होकर बाजार बंद रखे। आंदोलनकारी हाथों में तख्तियां लेकर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं, हालांकि बंद की वजह से आम लोगों को परेशानी भी हुई। इस घटना के विरोध में भाजपा ने हजारीबाग बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने मिलकर बंद को सफल बनाया। विष्णुगढ़ से झुमरा बाजार तक दुकानों के बंद का असर साफ नजर आया और लोग सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराते दिखे। दुकानों के शटर गिरे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा। स्थानीय लोग न्याय की मांग को लेकर एकजुट दिखे और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों को पकड़कर सजा नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। घटना के बाद से प्रशासन पर दबाव लगातार बढ़ा है।

Tags - JharkhandHazaribaghVishnugarh blockKosumba villageMinor girlRape and murderProtestBandh (shutdown)Shops closedTraffic jamCandle marchArrest demandPunishment demandBJPPublic demonstrationJusticeAdministration pressure