logo

नगर विकास विभाग ने किया  ट्रिपल टेस्ट के लिए आयोग गठन का प्रस्ताव तैयार, कैबिनेट से मंजूरी का इंतजार

नगर विकास विभाग ने किया  ट्रिपल टेस्ट के लिए आयोग गठन का प्रस्ताव तैयार, कैबिनेट से मंजूरी का इंतजार

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में नगर निकाय चुनाव कराने के लिए राज्य सरकार तेजी से कदम उठा रही है। चुनाव से पहले ट्रिपल टेस्ट कराने की तैयारी लगभग मुकम्मल कर ली गई है। इसके तहत ओबीसी आरक्षण की सीमा तय करने के लिए आयोग का गठन होगा। दरअसल नगर विकास विभाग ने आयोग के गठन का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस पर कैबिनेट की मुहर लगनी बाकी है। मुहर लगते ही आयोग का गठन हो जाएगा और चुनाव की दिशा में सरकार का कदम आगे बढ़ेगा।


सीटिंग या रिटायर्ड जज कर सकते हैं अध्यक्षता
आयोग में अध्यक्ष और सदस्य कौन होंगे इसकी जानकारी अभी सामने निकल कर नहीं आई है। लेकिन कहा जा रहा है कि हाईकोर्ट के किसी सीटिंग या रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में आयोग बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ है।  अपने गठन के डेढ़ से दो महीने के अंदर आयोग ओबीसी आरक्षण की सीमा तय करने के लिए सर्वे कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा। बताया जा रहा है कि आयोग की अनुशंसा के आधार पर सरकार ओबीसी आरक्षण की सीमा तय करते हुए निकाय चुनाव कराने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

15वें वित्त आयोग की मदद से होना पड़ सकता है वंचित
नगर निकाय चुनाव में देर का खामियाजा झारखंड को उठाना पड़ सकता है। चुनाव नहीं होने के कारण 15वें वित्त आयोग की मदद से वंचित होना पड़ सकता है। दरअसल शहरी निकायों के विकास के लिए झारखंड ने करीब 1600 करोड़ रुपये का दावा वित्त आयोग से किया है। ऐसे में झारखंड सरकार भी प्रयासरत है कि जल्द से जल्द निकाय चुनाव कराया जाए। बताते चलें कि राज्य के 48 नगर निकायों में चुनाव होना है। इनमें से 34 निकायों का कार्यकाल अप्रैल 2023 में खत्म हो चुका है। बाकी निकायों में पिछले तीन साल से चुनाव लंबित है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N