जमशेदपुर:
जुगसलाई पुलिस ने पहलवानडेरा निवासी मो. निजाम की हत्या की कथित साजिश का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से एक अवैध देसी कट्टा और 2 धारदार लोहे के हथियार बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि निजाम की हत्या की कथित साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के गिरोह की ओर से निजाम की हत्या कराने की तैयारी की जा रही थी। निजाम ने 19 सितंबर को पुलिस को इसकी सूचना दी थी। उसने पुलिस को बताया था कि खुर्शीद उर्फ भाकुड़ जेल में बंद होने के बावजूद अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर उसकी हत्या कराने का प्रयास कर रहा है।

गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों को पकड़ा
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गयी। डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गयी। जांच के दौरान पुलिस ने 2 संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस दोनों को लेकर आजाद खटाल मैदान पहुंची, जहां झाड़ियों में छिपाकर रखे गये दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
.jpeg)
हत्या की कथित साजिश की कड़ियां जोड़ रहे
पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों और पूछताछ में सामने आये तथ्यों के आधार पर हत्या की कथित साजिश की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार किसके लिए जुटाये गये थे और इस पूरी योजना में जेल में बंद खुर्शीद उर्फ भाकुड़ की क्या भूमिका थी। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है।