logo

CM हेमंत के हस्तक्षेप से लातेहार में थाना प्रभारी समेत 2 निलंबित, आदिवासी महिला को प्रताड़ित करने का आरोप

CM हेमंत के हस्तक्षेप से लातेहार में थाना प्रभारी समेत 2 निलंबित, आदिवासी महिला को प्रताड़ित करने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

सीएम हेमंत शोक में भी ड्यूटी नहीं भूले। नेमरा में बैठकर फाइलें निपटाना हो कि सोशल मीडिया पर मिल रही शिकायतों का समाधान करना हो, मुख्यमंत्री दोनों जगह पूरी तरह सक्रिय हैं। ताजा मामला लातेहार का है, जहां उनके हस्तक्षेप से आदिवासी महिला के साथ कथित मारपीट, बदसलूकी और जातिसूचक अपशब्द कहने केआरोप में बरियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और सिपाही मनीष राम को पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। दोनों के खिलाफ सीएम के हस्तक्षेप के बाद विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। बालूमाथ एसडीपीओ और महिला थाना प्रभारी की अगुवाई में एक जांच कमिटी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच  करेगी। 

 

सोशल मीडिया के जरिये सामने आई बात
गौरतलबहै कि आदिवासी महिला को पुलिस द्वारा कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने की बात सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई थी। मुख्यमंत्री के संज्ञान में बात आई तो उन्होंने तत्काल लातेहार पुलिस को जांचोपरांत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सीएम ने ट्वीट पर लिखा कि ऐसी बात कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। सीएम के निर्देश पर लातेहार पुलिस महकमा जागा और संबंधित थाना प्रभारी और सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। 

बरियातू थाना प्रभारी समेत 2 निलंबित हुए
जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक बरियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार तीन अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सादे लिबास में महिला के पास पहुंचे। उसके साथ मारपीट की और जबरन साथ ले जाने लगे। आरोप है कि थाने ले जाने के क्रम में रास्ते में भी महिला के साथ मारपीट की गई। थाने में  भी प्रताड़ित किया गया और उसे जातिसूचक गालियां दी गईं। जांच कमिटी इन आरोपों की जांच कर रही है। वहीं, एक दावा यह भी है कि अफीम कारोबार से जुड़े  मामले में  महिला को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पुलिस का आरोप है कि पूछताछ के क्रम में महिला ने पुलिसकर्मी को दांत काट लिया था। 

दोनों पक्षों की ओर से लगे आरोपों की जांच कमिटी करेगी, तभी स्पष्ट हो पायेगा कि मामला दरअसल क्या है। फिलहाल थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी को निलंबित किया गया है। कमिटी घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करेगी। 

Tags - Latehar PoliceHemant SorenTrible Women HarassmentSHO Prabhat Kumar Suspended