logo

सच्ची कला केवल भावनाओं की है अभिव्यक्ति- सरयू राय

SARYU9.jpg

द फॉलोअप डेस्क

विश्व कला दिवस के अवसर पर 15 अप्रैल शनिवार को छोटानागपुर आर्ट एंड रिसर्च डेवलपमेंट सोसाइटी रांची के कलाकारों द्वारा कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का आयोजन रांची के डोरंडा ए जी मोड़ स्थित विधायक सरयू राय के सरकारी आवास परिसर में किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सरयू राय ने किया। इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि झारखंड में पहली बार आज से ही 15 अप्रैल, 2023 को विश्व कला दिवस के अवसर पर कला प्रदर्शनी का आयोजन CARDS एवं युगान्तर आर्ट एंड ह्यूमैनिटीज के माध्यम से किया जा रहा है। इसके लिए इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ. रामानुज शेखर बधाई के पात्र है।

यह भी पढ़ें: DGHC सपोर्टेड रक्त केंद्रों की समीक्षा, शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक रक्त संग्रह करने का निर्देश

कई देशों में मरीजों को दी जाती संगीत थैरेपी

सरयू राय ने बताया कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों में से एक इटली के ‘लियोनार्डो द विंची’ के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर वर्ष 2012 से युनेस्को द्वारा प्रतिवर्ष विश्व कला दिवस का आयोजन किया जाता है। युनेस्को ने इस साल का थीम ‘आर्ट इज गुड फॉर हेल्थ’ रखा है। कला का मानव स्वास्थ्य एवं उसके जीवन पर बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। हमने देखा है कि संगीत थैरेपी भी कई देशों में मरीजों को दी जाती है। कला का विकास मानव सभ्यता के विकास से भी काफी पहले हुआ है। आदिमानव काल के गुफाओं कंदराओं में विभिन्न आकृतियों में उकेरी गयी चित्रकारी आज भी विद्यमान है। सदियों पूर्व प्रस्तर पर उकेरी गई अजंता-एलोरा की कलायें आज भी जीवंत प्रतीत होती है, इसका प्राकृतिक रंग आज भी चटकदार है। युनेस्को ने भारत सहित विश्व के ऐसे कई स्थानों को सांस्कृतिक धरोहर के रूप में सरंक्षित किया है। यह लोगों के लिए रचनात्मकता के माध्यम से खुद को अभिव्यक्त करने का एक तरीका है। सच्ची कला केवल भावनाओं की अभिव्यक्ति है। यह दुनिया के बारे में कलाकार के दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करता है और उनकी परिकल्पना, अंर्तदृष्टि का प्रकटीकरण करता है।

भारत में 25 अक्टूबर को मनाया जाता है राष्ट्रीय कला दिवस

भारत में प्रतिवर्ष 25 अक्टूबर को राष्ट्रीय कला दिवस मनाया जाता है। हमने पिछले दिनों रांची में पर्यावरण मेला का आयोजन किया था। मेले में दो दिवसीय आर्ट कैंप का आयोजन किया गया था। जिसमें राज्य के अनेक चित्रकारों ने भाग लिया और लाईव पेंटिंग के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संकट एवं जल संरक्षण के बारे में जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई।

राज्यस्तरीय कला प्रदर्शनी लगाना होगा श्रेयस्कर

इस मौके पर सरयू राय ने कहा कि मैं आशा करता हूं कि CARDS एवं युगान्तर आर्ट एंड ह्यूमैनिटीज राज्य के कलाकारों को आमंत्रित कर उन्हें एक मंच पर साथ लाने का कार्य करेगी। इस वर्ष 25 अक्टूबर को एक राज्यस्तरीय कला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाए, जिसमें सरकार, समाज के बुद्धिजीवी वर्ग को भी आमंत्रित किया जाय। जिससे लोग कला की महता को समझे और लोगों के मन में कला के प्रति आदर का भाव आये। अनुपम प्राकृतिक संरचना वाले स्थान पर राज्यस्तरीय कला प्रदर्शनी लगाना श्रेयस्कर होगा।

कला को जानने से पहले कला को समझना जरूरी- डॉ. रामानुज शेखर

इस अवसर पर कला प्रदर्शनी के संयोजक डॉ. रामानुज शेखर ने कहा कि कला को जानने से पहले कला को समझना चाहिए। एडॉप्शन, रिएक्शन एवं ट्रांसफर्रेशन शब्दों के पहले अक्षर से ‘ART' यानी कला का जन्म हुआ है। एक कलाकार पहले किसी चीज को ग्रहण करता है, उस पर प्रतिक्रिया करता है, फिर उस प्रतिक्रिया को अपनी कैनवास, नाटक, कविता आदि के माध्यम से समाज में फैलाने का कार्य करता है। कला विभिन्न रूपों और श्रेणियों में आती है। कला वास्तुकला, संगीत, चित्रकला, मूर्तिकला, नृत्य या साहित्य हो सकती है। सिनेमा को कला भी माना जाता है। कला हमें सिखाती है कि हम कितने समान हो सकते हैं और हम अभी कितने अलग हैं। उनकी धारणाएं आमतौर पर जीवन में उनके व्यक्तिगत अनुभवों पर आधारित होती हैं।

कलाकारों ने बनाया ग्राफिटी वॉल पेंटिंग

इस दौरान कलाकारों द्वारा ग्राफिटी वॉल पेंटिंग बनाया गया। सभी कलाकारों को सरयू राय एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जबकि, धन्यवाद ज्ञापन दिनेश सिंह ने किया। कार्यक्रम का आयोजन CARDS, युगान्तर आर्ट एंड ह्यूमैनिटीज, युगांतर भारती और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। ग्राफिटी वॉल पेंटिंग में हरेन ठाकुर, दिनेश सिंह, शर्मिला ठाकुर, विनोद रंजन, मनोज सिंह, अमिताभ सिन्हा, विश्वनाथ चक्रवर्ती, हिमाद्रि रमानी, शिल्पी रमानी, सी.आर. हेम्ब्रम, विजय टोप्पो, अनिता कुमारी, धनंजय, दीपांकर कर्मकार, सपना दास, विवेक दास, परेश मोदक, देवराज सेनगुप्ता, संजीत मिंज आदि ने भाग लिया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT