logo

अब कभी हो सकती है झारखंड में चुनाव की घोषणा, राज्य सरकार हुई रेस 

मपहलोन.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
दुर्गा पूजा खत्म हो गई है। अब झारखंड में कभी भी चुनाव का बिगुल बज सकता है। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के साथ ही झारखंड में चुनाव कराने के संकेत दिये हैं। आयोग कभी भी दोनों राज्यों में चुनाव की घोषणा कर सकता है। आयोग ने राज्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से प्रेस कांफ्रेंस के लिए झारखंड से संबंधित आंकड़े प्राप्त कर लिये हैं। रविवार को भी छुट्टी के बावजूद चुनाव आयोग के निर्देश पर राज्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय द्वारा आंकड़े दिए गये हैं।

 
दो या तीन चरणों में हो सकता है चुनाव
सूत्रों का मानना है कि झारखंड में दो से तीन चरण में चुनाव कराया जा सकता है। त्योहारों को ध्यान में रखते हुए आयोग चुनाव की तिथियों का निर्धारण करेगा। दरअसल 31 अक्तूबर को दीपावली है। दो नवंबर को गोवर्धन पूजा, तीन नवंबर को भाई दूज और सात व आठ नवंबर को छठ महापर्व है, जबकि 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस और गुरुनानक जयंती दोनों हैं। आयोग उक्त सभी तिथियों के मद्देनजर चुनाव की तिथियां निर्धारित कर रहा है। 


498 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के पदाधिकारियों को सौंपा जाएगा नियुक्ति पत्र
झारखंड में चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आचार संहिता लागू हो जायेगी। उसके बाद राज्य सरकार कोई भी नयी योजना शुरू नहीं होगी। ऐसे में राज्य सरकार भी रेस हो गयी है। आज कैबिनेट की बैठक भी बुलाई गई है। आमतौर पर यह बैठक शाम में होती है लेकिन आज दिन के 12 बजे से ही बैठक बुलायी गयी है। आज कई महत्वपूर्ण नीतियों पर भी फैसला लिया जा सकता है। आज ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अनुबंध पर रखे गये 498 सामुदायिक स्वास्थ्य पदधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी दिया जाएगा। 

Tags - Jharkhand Government Jharkhand News Jharkhand Latest News Jharkhand Cabinet