मोहित:
दुमका के मसलिया प्रखंड अंतर्गत कठलिया पंचायत का चापुड़िया गांव मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। आदिवासी बहुल इस गांव में कुल 25 परिवार रहते है। गांव में महज 2 चापाकल हैं लेकिन इनमें से 1 पूरी तरह खराब है। दूसरे चापाकल से भी बमुश्किल 5 बाल्टी पानी ही मिल पाता है। मजबूरन गांव वालों को पेयजल के लिए अन्य प्राकृतिक स्त्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है।

दूषित पानी पीकर बीमार पड़ते हैं लोग
चापुड़िया में ग्रामीण कोलम टुडू के घर के पास स्थित चापाकल बीते 7 वर्षों से खराब पड़ा है। दूसरा चापाकल गांव के राजा हेंब्रम के मकान के सामने है लेकिन इसमें बहुत कम पानी आता है। ऐसे में ग्रामीणों को गांव से 1 किमी की दूरी पर स्थित पहाड़ी झरना या डोभा से पानी लाना पड़ता है। ग्रामीण बताते हैं कि पहाड़ी झरने की ओर जाने वाली पगडंडी इतनी संकरी है कि दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। डोभा का पानी बहुत दूषित है। इसे पीकर लोग अक्सर बीमार पड़ जाते हैं।
योजना के तहत जलमीनार भी नहीं लगा
गर्मियों के मौसम में पहाड़ी झरना और डोभा, दोनों ही में पानी का स्तर काफी घट जाता है। इस समय और भी मुश्किल होती है। गांव वालों ने बताया कि गांव में किसी सार्वजनिक कार्यक्रम जैसे की शादी-विवाह, श्राद्ध या सामूहिक भोज हो तो शामत आ जाती है। गांव वालों को कई किमी दूर जाकर पानी लाना पड़ता है। गांव वालों का कहना है कि गांव सरकारी योजना के तहत जलमीनार भी नहीं लगवाया गया। चापुड़िया में ना केवल पेयजल की समस्या है बल्कि गांव को प्रखंड या जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क तक नहीं है। बारिश के मौसम में गांव वालों को बहुत मुश्किल होती है।

जनप्रतिनिधियों ने भी नहीं ढूंढ़ा समाधान
चापुड़िया के लोगों ने कई बार प्रशासन को लिखित आवेदन दिया लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। जनप्रतिनिधियों को भी केवल चुनाव के समय ही चापुड़िया की याद आती है। ग्रामीणों ने बताया कि वे पूर्व विधायक स्टीफन मरांडी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व विधायक लुईस मरांडी, मौजूदा विधायक बसंत सोरेन और सांसद सुनील सोरेन से कई बार समस्याओं के समाधान की गुहार लगा चुके हैं लेकिन किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। गांव वाले आक्रोशित हैं।