द फॉलोअप, रांची
राजधानी रांची से सटे कांके अंचल के सुकरहुटू में लगभग 125 करोड़ की लागत से बने ट्रांसपोर्ट नगर को दो साल बाद भी संचालन का इंतजार है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 3 अक्तूबर 2024 को इस अत्याधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर के पहले फेज का उद्घाटन और दूसरे फेज का शिलान्यास किया था। 40.68 एकड़ भूमि पर बने इस ट्रांसपोर्ट नगर से राजधानी रांची को जाम की समस्या से निजात दिलाना था। भारी वाहनों को शहर के अंदर न आने की मजबूरी हो, इसके लिए शहर के एक छोड़ पर इस ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कराया गया। इसका उद्देश्य है कि सामानों को लेकर आने वाले भारी वाहन शहर के अंदर प्रवेश नहीं करें। यहीं वे भारी वाहन माल लोड और अनलोड करें। वहां से छोटे वाहनों के माध्यम से सामान शहर में ले जाया जए। इसके पहले फेज के निर्माण पर लगभग 125 करोड़ की लागत आयी है। लेकिन उद्घाटन के लगभग दो साल बाद भी ट्रांसपोर्ट नगर इसलिए फंक्शनल नहीं हो रहा है क्योंकि इसके संचालन के लिए सरकार की शर्त पर कंपनियां आगे नहीं आ रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ट्रांसपोर्टनगर के पहले फेज का उद्घाटन होने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने इसके संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित किया था। लेकिन टेंडर की शर्तों को देख किसी भी कंपनी ने टेंडर में भाग नहीं लिया। परिणामस्वरूप उस टेंडर को रद्द कर दिया गया। पीपीपी मोड में ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन के लिए निकाली गयी टेंडर की शर्तें कंपनियों को नुकसान दायक लग रही थी। विभागीय जानकारों के अनुसार कंपनियों की बेरुखी को देखते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग अब RFP (Request for Proposal) में बदलाव कर रही है। इसके लिए जुडको आरएफपी में बदलाव पर विचार कर रही है। मालूम हो कि RFP में ही किसी योजना या परियोजना का परियोजना का उद्देश्य और दायरा (Scope of Work),तकनीकी आवश्यकताएं एवं पात्रता (Eligibility Criteria),बोली जमा करने की प्रक्रिया,मूल्यांकन के मानदंड (Technical और Financial Evaluation),अनुबंध की शर्तें,समय-सीमा और डिलीवरी प्लान का जिक्र होता है। इन्हीं शर्तों पर कोई भी कंपनी या ठेकेदार किसी योजना को पीपीपी मोड में संचालित करने के लिए टेंडर डालते हैं। टेंडर लेते हैं। इस तरह आरएफपी में शर्तें ढीली करने पर अगले टेंडर में कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। हालांकि टेंडर निकलने और इसकी प्रक्रिया पूरी होने में अभी भी छह माह का वक्त लगने की पूरी संभावना है।
.jpeg)
ट्रांसपोर्ट नगर में क्या-क्या
424 वाहनों की पार्किंग क्षमता
120 टन क्षमता के दो धर्मकांटा
वाहन मरम्मत को सर्विस स्टेशन
17 कॉमर्शियल दुकानें परिसर में
ट्रांसपोर्टरों के लिए 16 ऑफिस
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध
विश्राम को 360 बेड की डोरमेट्री
मनोरंजन केंद्र और फूड प्लाजा
3400 और 6100 वर्ग मीटर के दो वेयरहाउस
