logo

पाकुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ टोटो चालक धराया

ब्राउन.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ में एक टोटो चालक ब्राउन शुगर सप्लाई करते हुए धराया है। दरअसल SP को ब्राउन शुगर की सप्लाई किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद, तत्काल एक विशेष अभियान चलाया गया। SP के निर्देश पर नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार और अंचल निरीक्षक शंभु दत्ता के नेतृत्व में गुरुवार देर शाम अंबेडकर चौक के समीप छापेमारी की गई, इस  दौरान एक टोटो चालक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस को उसके पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली, जिसका कुल वजन लगभग 5 ग्राम है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध रूप से अर्जित 2884 रुपए की नकद राशि और अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे टोटो वाहन को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान 29 वर्षीय नजमी आलम के रूप में हुई है जो कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चक्दमिया गांव का बताया जा रहा है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को नगर थाना लाया गया है, जहां उससे नेटवर्क के मास्टर माइंड और अन्य सप्लायर्स के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के माध्यम से ड्रग्स की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सकेगा।
नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “नगर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। किसी भी कीमत पर नशा माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।”  वहीं, अंचल निरीक्षक शंभु दत्ता ने कहा है कि “गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। बहुत जल्द इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकेगा।” यह कार्रवाई पाकुड़ पुलिस की नशे के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand updatepakur news pakur khabar brown sugar news