द फॉलोअप डेस्क, रांची
लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में बढोत्तरी और पुनर्निर्धारण को लेकर परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 का प्रारूप सामने आ गया है। इस विधेयक में लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढोत्तरी का स्पष्ट जिक्र है। लेकिन ST-SC के लिए आरक्षित सीटों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। सिर्फ इसका जिक्र है कि निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण, नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा। इस प्रक्रिया में भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक सीमाओं, आवागमन की सुविधा और जनसुविधाओं को ध्यान में रखा जाएगा। इस तरह अंतिम जनगणना 2011 में हुई है। इस आधार पर होने वाले परिसीमन में झारखंड में एसटी की सीटें लोकसभा और विधानसभा, दोनों में 50 प्रतिशत के समानुपात में नहीं बढ़ेंगी। इस पेंच को समझने के साथ ही कांग्रेस ने झामुमो पर हमला बोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने द फॉलोअप से बातचीत करते हुए कहा कि, विधेयक में संविधान संशोधन का जिक्र नहीं है। जबकि एसटी-एससी के लिए रिजर्व सीटों की संख्या में भी 50 फीसदी की बढोत्तरी के लिए संविधान संशोधन जरूरी है। इसलिए लोकसभा और विधानसभा में समानुपातिक ढंग से एसटी की सीटें नहीं बढ़ेंगी। दोनों सदनों में आदिवासियों की आवाज कमजोर पड़ेगी। जबकि अलग झारखंड राज्य का गठन ही आदिवासियों के हित और उनकी आवाज को मजबूती देने के लिए हुआ है। इस स्थिति में झामुमो को परिसीमन विधेयक का विरोध करना चाहिए। परिसीमन पर राज्य में झामुमो, कांग्रेस और राजद की संयुक्त बैठक नहीं होने पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झामुमो ने अलग से अपनी बैठक कर ली है। लेकिन बैठक के बाद उसे विरोध का रूख स्पष्ट करना चाहिए।

परिसीमन विधेयक(द्वितीय) के मुख्य अंश
परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 इसका नाम दिया गया है। यह विधेयक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि के साथ साथ महिलाओं के लिए सीटों के आरक्षण को प्रभावी बनाने की बात करती है। परिसीमन को मूर्तरूप देने और महिला आरक्षित सीटों को रेखांकित करने के लिए एक परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व न्यायाधीश आयोग के अध्यक्ष होंगे। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन आयुक्त अथवा उनके द्वारा नामित निर्वाचन आयुक्त और संबंधित राज्य के राज्य निर्वाचन आयुक्त इसके सदस्य होंगे। संसद से विधेयक के पारित होने के साथ ही केंद्र सरकार यथाशीघ्र अधिसूचना जारी कर परिसीमन आयोग का गठन करेगी।
महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीट आरक्षित होंगी और रोटेट होंगी
विधेयक में कुल सीटों का 33 फीसदी महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। महिला आरक्षित सीटें रोटेट होंगी। अर्थात इस बार आरक्षित हुई विधानसभा और लोकसभा की सीट, अगली बार दूसरी बार अनारक्षित हो जाएंगी। लेकिन पहली बार कितने समय के लिए महिलाओं की सीटें आरक्षित होंगी, यह परिसीमन आयोग की अनुशंसा पर निर्भर करेगा। हालांकि विधेयक के मूल में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि दोनों सदनों की सीटों में हुई बढोत्तरी अगले 25 वर्ष के लिए लॉक होंगी।
.jpeg)
झारखंड के नजरिए से विधेयक
झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें है जो बढ़ कर 21 हो जाएंगी। 14 में फिलहाल एक सीट एससी के लिए और 5 सीट एसटी के लिए रिजर्व होंगी। लेकिन 2011 की जनगणना परिसीमन और आरक्षण का आधार बनी तो एसटी की सीटें 5 से बढ़ कर 6 तक ही जाएंगी। जबकि एससी की सीटें एक से बढ़ कर 3 हो सकती है। विधानसभा की 81 सीटें बढ़ कर 121 तक जा सकती है। 81 में फिलहाल एसटी के लिए 28 सीटें है और एससी के लिए 9 सीटें। 50 फीसदी सीटों में बढोत्तरी के बाद एसटी की सीटें 2011 की जनगणना के अनुसार 32 या 33 होंगी जबकि एससी सीटें 9 से बढ़ कर 14-15 होंगी। हालांकि झामुमो एसटी सीटों की संख्या में समानुपातिक बढोत्तरी की मांग करता है। लेकिन विधेयक के प्रारूप सामने आने के बाद झामुमो के अस्पष्ट बयान से संशय की स्थिति बन रही है। यही वह बिंदु है जिस पर झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों में आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व के संदर्भ में विशेष चर्चा हो सकती है।
