logo

धनबाद में जहरीली गैस का खतरा बढ़ा! केंदुआडीह थाना अब सुरक्षित जगह होगा शिफ्ट, SSP ने दी जानकारी

DHN_GASS.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद में पिछले सप्ताह बंद खदान से जहरीली गैस रिसने के बाद जहां दो लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इसे ध्यान में रखते हुए अब केंदुआडीह पुलिस स्टेशन को स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है। इस मामले को लेकर गुरुवार को धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा पुलिस स्टेशन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के लिए जमीन तलाशी जा रही है।
उन्होंने कहा "इलाके में जहरीली गैस के रिसाव के कारण वहां पुलिस स्टेशन चलाना काफी मुश्किल हो गया है। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए हमने पुलिस स्टेशन को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का फैसला किया है। इस मामले की जानकारी उपायुक्त को दे दी गई है। इस समय सरकारी कार्यालयों का स्थानांतरण आवश्यक है और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।"
प्रभात कुमार ने आगे कहा "पुलिस स्टेशन सहित सरकारी विभागों को स्थानांतरित करने से प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आश्वासन और प्रोत्साहन मिलेगा।
वहीं केंदुआडीह पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने कहा "लोगों को कभी-कभी सांस लेने में तकलीफ होने लगती है और हमारे कर्मचारियों को भी ड्यूटी करते समय असहज महसूस होता है। हमने वरिष्ठ अधिकारियों को जमीनी स्थिति से अवगत करा दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने जल्द स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया है ताकि पुलिसिंग कार्य सुचारू रूप से चलता रहे और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।"
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar dhanbad news dhanbad gas leak news dhanbad khabar