द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ताओं के संघर्ष, विचार और जनसेवा के प्रति समर्पण में निहित होती है। आजसू पार्टी का इतिहास झारखंड के हक-अधिकार, स्वाभिमान और जनभागीदारी की लड़ाई का इतिहास रहा है। इस विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। संगठन की मजबूती केवल पदाधिकारियों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय प्रत्येक कार्यकर्ता के सामूहिक प्रयासों से सुनिश्चित होती है। वह पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार अभियान के तहत गोड्डा जिले के महगामा में संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय प्रखंड प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि संथाल परगना की धरती संघर्ष, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना की धरती रही है। यहां की जनता के सामने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, कृषि, पलायन और स्थानीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल हैं। इन सवालों को समझना और जनता की आवाज को मजबूती के साथ राजनीतिक मंच तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। सुदेश कुमार महतो ने कहा कि झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में जनता अपने बुनियादी सवालों पर जवाब चाहती है। राज्य के युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान, महिलाओं को सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों को बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए। जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास का सम्मान होना चाहिए। केवल घोषणाओं और आश्वासनों से राज्य का विकास नहीं हो सकता, इसके लिए जमीन पर ठोस काम करना जरूरी है। आजसू पार्टी जनता के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करती रही है और आगे भी झारखंड के अधिकार, सम्मान और विकास की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
.jpeg)