द फॉलोअप, रांची
राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा है कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उनका निधन राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अपने शोक संदेश में कहा है कि पूरी कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के साथ है।
सोनू जी का सहज स्वभाव और आत्मीय व्यवहार नहीं भूल सकूंगीः दीपिका
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा है कि आज की सुबह की शुरुआत बेहद दुखद खबर के साथ हुई। हमारे साथी मंत्री रहे, भाई सुदिव्य सोनू अब हमारे बीच नहीं हैं। इस खबर पर विश्वास नहीं हो रहा है। उनका अचानक चले जाना मेरे लिए एक निजी क्षति है। उनका सहज स्वभाव, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा स्मरण रहेगा।

झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन की अपूरणीय क्षति : राजेश ठाकुर
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा है कि झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह के लोकप्रिय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन की खबर स्तब्ध एवं मर्माहत करने वाली है। उनके निधन से झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को एक ऐसी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। सुदिव्य कुमार सोनू ने अपने सार्वजनिक जीवन में जिस समर्पण, सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ जनता की आवाज को उठाया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। एक युवा और कर्मठ जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने अपने क्षेत्र और राज्य के विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता दिखाई। गठबंधन की जब भी बात होती , नोक झोंक के बावजूद वो निष्कर्ष पर पहुंचना चाहते थे। जब भी कोई गंभीर मसला होता, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनसे विमर्श करते थे। उनका अचानक हमारे बीच से चले जाना न केवल उनके परिवार और समर्थकों के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक गहरा आघात है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंधों, मानवीय संवेदनाओं और सार्वजनिक जीवन की गरिमा का स्थान सबसे ऊपर है। सुदिव्य जी के निधन की इस दुखद घड़ी में मैं उनके परिवार, परिजनों, मित्रों, सहयोगियों और झारखंड मुक्ति मोर्चा के समस्त साथियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ।
झारखंड ने एक समर्पित जनसेवक और संवेदनशील नेता खो दियाः के राजू
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने कहा है कि झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। उनके असामयिक निधन से झारखंड ने एक समर्पित जनसेवक और संवेदनशील नेता को खो दिया है। इस दुःख की घड़ी में मैं तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस परिवार शोक संतप्त परिजनों एवं उनके समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
.jpeg)