logo

25 मार्च को होगी सूचना और लोकायुक्त चयन समिति की बैठक

babulal-hemant.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्य में मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त एवं लोकायुक्त के चयन के लिए 25 मार्च को चयन समिति की बैठक बुलायी गयी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक मुख्यमंत्री के आवासीय कार्यालय कांके रोड में शाम पांच बजे से होगी। इस बैठक में चयन समिति के सदस्य और प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी तथा मुख्यमंत्री द्वारा नामित मंत्री हफीजुल हसन शामिल होंगे। मालूम हो कि झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को 28 फरवरी तक राज्य में रिक्त पड़े मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में दो होली से पूर्व दो मार्च को चयन समिति की बैठक बुलायी भी गयी। लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया।


यहां मालूम हो कि राज्य में मुख्य सूचना आयुक्त के एक और सूचना आयुक्त के छह पद सृजित हैं। ये सभी पद वर्ष 2020 से रिक्त पड़े हैं। पूर्व में बाबूलाल मरांडी के प्रतिपक्ष का नेता की मान्यता नहीं मिलने के कारण, नियुक्ति की प्रक्रिया बाधित रही। बाद में उनकी जगह जब अमर कुमार बाउरी प्रतिपक्ष के नेता बनाए गए तो एक बैठक भी हुई, लेकिन उसमें नामों पर सहमति नहीं बन सकी। फिर से फ्रेश विज्ञापन निकालने का निर्णय लिया गया। बाद में नये सिरे से विज्ञापन निकाला गया। उसके बाद भी नियुक्ति की प्रक्रिया लंबित रही। इसमें राज्य सरकार और प्रतिपक्ष के नेता के बीच बेहतर समन्वय का आभाव मुख्य कारण बताया गया।

Tags - Jharkhand Information Commissioner Chief Information Commissioner Selection Committee Meeting March 25 CM House