logo

पूर्व मंत्री कमलेश सिंह के 8 दिवसीय आरोग्य शिविर का समापन, सेवा संकल्प अभियान का था हिस्सा

पूर्व मंत्री कमलेश सिंह के 8 दिवसीय आरोग्य शिविर का समापन, सेवा संकल्प अभियान का था हिस्सा

हुसैनाबाद/पलामू:

पीएम मोदी के जन्मदिवस के मौके पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में 1-8 अक्टूबर तक आयोजित काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में निशुल्क आरोग्य शिविर का सफलतापूर्वक समाधान हो गया। 8 दिनों तक चले इस अभियान में लाखों श्रद्धालु और मरीज हुसैनाबाद पहुंचे। समापन दिवस पर कर्पूरी मैदान में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। गौरतलब है कि आरोग्य शिविर का आयोजन पूर्व मंत्री सह भाजपा नेता कमलेश कुमार सिंह और युवा नेता सूर्या सिंह के द्वारा किया गया था। इस आरोग्य शिविर में झारखंड के विभिन्न जिलों से लोग आए। साथ ही यूपी, बिहार और छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में लोग शरीक हुए।

8 दिनों तक आरोग्य शिविर में प्रतिदिन नियत समय पर भव्य रामकथा का आयोजन भी किया गया। 
गौरतलब है कि 1 अक्टूबर को शिविर की शुरुआत में ही हुसैनाबाद में लोगों का आगमन होने लगा था। प्रत्येक सुबह रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की लंबी कतार दिखती थी।

स्टेशन से लेकर कर्पूरी मैदान तक लोगों की आवाजाही रही। इन 8 दिनों में हुसैनाबाद में आरोग्य शिविर की चर्चा रही। 

काली कंबल वाले बाबा की मां का निधन हो गया
समापन दिवस पर उस समय भावुक और मानवीय प्रसंग दिखा जब काली कंबल वाले बाबा की मां का निधन हो गया, बावजूद इसके बाबा कर्पूरी मैदान पहुंचे और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उन्होंने अपनी सेवा जारी रखते हुए श्रद्धालुओं को कंबल ओढ़ाया और स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया। यह सेवा और समर्पण भाव देखकर श्रद्धालु भावुक हो गए। कर्पूरी मैदान में ही काली कंबल वाले बाबा की मां की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि सभा हुई। 

पूर्व मंत्री कमलेश सिंह ने बाबा को भेंट की काली प्रतिमा
आरोग्य शिविर के समापन अवसर पर पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने काली मां के भक्त काली कंबल वाले बाबा को मां काली की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने बाबा के सेवा भाव और लोगों के प्रति समर्पण की सराहना की। कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि मां काली के प्रति बाबा की आस्था और जरूरतमंद लोगों की सेवा का उनका संकल्प श्रद्धा और सेवा का उदाहरण है। माता जी के निधन के दुख के बीच भी बाबा द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा जारी रखना उनके समर्पण को दर्शाता है।

8 दिनों तक आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बना हुसैनाबाद
8 दिनों तक चले इस बड़े आयोजन का प्रभाव केवल आरोग्य शिविर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हुसैनाबाद की स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिली। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से स्थानीय दुकानदारों, होटल-रेस्टोरेंट, छोटे व्यापारियों, फूड स्टॉल संचालकों, फल-सब्जी विक्रेताओं सहित अनेक लोगों को कारोबार का अवसर मिला। बड़ी संख्या में फूड स्टॉल और अन्य स्टॉल लगाए गए। ऑटो, ई-रिक्शा, निजी वाहनों तथा अन्य स्थानीय परिवहन सेवाओं में भी गतिविधियां बढ़ीं, जिससे परिवहन से जुड़े लोगों को रोजगार और आमदनी का अवसर मिला।

स्वास्थ्य शिविर नहीं बल्कि मानव कल्याण का अभियान
पूर्व मंत्री सह भाजपा नेता कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि सेवा, आस्था और मानव कल्याण का अभियान था। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा। उन्होंने कहा, “कौन क्या कहता है, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मेरा विश्वास जनसेवा में है। मां काली के आशीर्वाद में भी जिन्हें पाखंड दिखाई देता है, उनके लिए मैं मां काली से सद्बुद्धि की कामना करता हूं। जरूरतमंदों की सेवा करना ही हमारा संकल्प है।”

उन्होंने कहा कि आठ दिनों तक हुसैनाबाद में जिस तरह लाखों की संख्या में लोग पहुंचे, वह इस आयोजन के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने काली कंबल वाले बाबा, उनकी सेवा टीम, कार्यकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन, सहयोगियों तथा आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags - Seva Sankalp AbhiyanArogya ShivirJharkhand NewsHussainabadPalamu