द फॉलोअप डेस्क
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज राँची से ऋषिकेश (वाया लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, डेहरी-ऑन-सोन, वाराणसी, श्री अयोध्याधाम, बरेली एवं हरिद्वार) तक नई रेल सेवा प्रारंभ करने के संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। विदित हो कि राज्यपाल को इस संबंध में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा से प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुआ था। राज्यपाल ने उक्त प्रार्थना-पत्र का उल्लेख करते हुए इसे आवश्यक एवं जनहित से जुड़ा विषय बताया है। राज्यपाल ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि इस रेल सेवा के प्रारंभ होने से झारखण्ड एवं उत्तर प्रदेश के मध्य धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ता मिलेगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन एवं सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा।
.jpeg)
उन्होंने कहा है कि राँची से उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरों यथा लखनऊ, अयोध्या, बरेली, ऋषिकेश एवं हरिद्वार के लिए सीधी रेल सेवा की अत्यंत आवश्यकता है। वर्तमान में यात्रियों को आवागमन में असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित नई रेल सेवा प्रारंभ होने से श्रद्धालुओं को श्री अयोध्याधाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु सुगमता प्राप्त होगी तथा हरिद्वार एवं ऋषिकेश जैसे पवित्र तीर्थस्थलों तक पहुँचने में भी यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
