बोकारो:
चास अंचल कार्यालय (Chas Circle Office) में सोमवार को कुछ लोगों के कथित रूप से जबरन प्रवेश कर अंचल अधिकारी (CO) से दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। अंचल अधिकारी सेवाराम साहू (Sevaram Sahu) ने चास थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) भी पुलिस को सौंपा गया है।
.jpeg)
डराने-धमकाने का लगाया आरोप
अंचल अधिकारी की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, 5 अक्टूबर को करीब 1:30 बजे कुछ लोग कथित रूप से जबरन उनके कार्यालय कक्ष में प्रवेश कर गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोगों ने उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। रोकने की कोशिश करने पर कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई। कार्यालय में तैनात गृह रक्षक जवानों के साथ भी बकझक करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, कार्यालय कक्ष का दरवाजा तोड़ने का प्रयास भी किया गया। अंचल अधिकारी ने सरकारी कार्यों में बाधा डालने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस ने 4 छात्रों को हिरासत में लिया
इधर, मामले में चास पुलिस 4 लोगों को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पूछताछ के लिए ले जाए गए छात्रों का कहना है कि वे डीसी के आदेश से जुड़े एक मामले की जानकारी लेने अंचल अधिकारी के पास गए थे। छात्रों का आरोप है कि बातचीत के दौरान अंचल अधिकारी ने उनके साथ अभद्र तरीके से बात की तथा उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। अंचल अधिकारी ने घटना की जांच और आरोपियों की पहचान के लिए कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।