गढ़वा:
झारखंड के गढ़वा जिले में भी अब पर्यटकों को सुंदरवन और नेतरहाट जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। जिले के रंका में बना बायोडायवर्सिटी पार्क अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, सैकड़ों प्रजाति के औषधीय पौधों और मनमोहक नजारों से लोगों को आकर्षित कर रहा है। यहां नेतरहाट की तरह सूर्योदय और सूर्यास्त का खूबसूरत दृश्य भी देखने को मिलता है। रंग-बिरंगी तितलियां और पक्षियों की चहचहाहट इस पार्क की खूबसूरती में चार चांद लगाती हैं। नववर्ष 2027 में पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए उपायुक्त और एसपी ने पार्क का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

सुंदरवन-नेतरहाट की याद दिलाता बायो-डायवर्सिटी पार्क
गढ़वा जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर रंका अनुमंडल क्षेत्र में झारखंड-छत्तीसगढ़ एनएच-343 के किनारे करोड़ों की लागत से बना यह बायोडायवर्सिटी पार्क जिले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो चुका है। पार्क की प्राकृतिक खूबसूरती ऐसी है कि यहां पहुंचने पर सुंदरवन की याद ताजा हो जाती है। वहीं, नेतरहाट की तर्ज पर यहां सूर्योदय और सूर्यास्त का मनमोहक नजारा भी पर्यटकों को आकर्षित करता है।
पार्क परिसर में अलग-अलग प्रजातियों के सैकड़ों पौधे लगाए गए हैं, जिनमें कई औषधीय पौधे भी शामिल हैं। हरियाली के बीच उड़ती रंग-बिरंगी तितलियां और पक्षियों की चहचहाहट यहां आने वाले लोगों को प्रकृति के करीब होने का एहसास कराती है। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर यह पार्क पर्यटन की दृष्टि से काफी संभावनाएं रखता है। बेहतर सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाए तो यह आने वाले दिनों में जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है।

नववर्ष में पार्क में उमड़ेगी लोगों की भारी भीड़
नववर्ष के आगमन को लेकर पर्यटकों की संभावित भीड़ और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गढ़वा उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने रंका स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, डीएफओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पर्यटकों की सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ नववर्ष के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही पार्क परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाए रखने का निर्देश दिया।
डीसी और एसपी ने आम नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील की कि वे बिना किसी भय के रंका बायोडायवर्सिटी पार्क पहुंचें और पूरे उत्साह के साथ नववर्ष का जश्न मनाएं। प्रशासन की ओर से पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रहता है पार्क
गढ़वा दक्षिणी वन प्रमंडल की ओर से विकसित यह पार्क आज पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रहता है। डीएफओ एबीन बेनी अब्राहम के अनुसार, पिछले वर्ष मुख्यमंत्री ने इस पार्क का उद्घाटन किया था। यहां आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन के साथ-साथ जैव विविधता और विभिन्न पौधों के औषधीय महत्व की जानकारी भी मिलती है। पार्क में करीब 300 अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, जिनमें कई औषधीय पौधे शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
अधिकारियों का मानना है कि यह पार्क न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि लोगों को पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।