logo

आश्वासन के लिए धन्यवाद पर रांची को नियमित जलापूर्ति कराने में विफल हो जाइएगा मंत्री जीः सीपी सिंह

ccp.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में नियमित शुद्ध पेय जलापूर्ति को लेकर सीपी सिंह द्वारा बुधवार को लाए गए ध्यानाकर्षण के जवाब में विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि इसकी तकनीकी अड़चने और समस्याओं को दूर किया जाएगा। इसको लेकर वह सत्र बाद सीपी सिंह के साथ बैठ कर समस्या का हल निकालेंगे। रांची नगर निगम क्षेत्र में नियमित पेय जलापूर्ति सुनिश्चित कराएंगे। सीपी सिंह ने सरकार से जानना चाहा था कि क्या रांची नगर निगम क्षेत्र में नियमित रूप से शुद्ध पेय जल की आपूर्ति हो रही है।  विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि एक माह पूर्व तक नियमित पेय जल की आपूर्ति हो रही थी। लेकिन पाइप फटने, उसकी मरम्मत करने और कई तरह की अन्य समस्याओं के कारण एक महीने से अनियमित ढंग से जलापूर्ति हो रही थी। लेकिन पुराने पाइप को बदला जा रहा है। जल्द ही नियमित पेय जल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।


इस पर सीपी सिंह ने कहा कि छह महीना पहले भी नियमित जलापूर्ति नहीं होती थी। आज भी नहीं हो रही है। इसके लिए बार बार जुडको का नाम लिया जा रहा है। यह एक ऐसी संस्था है, जिसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति को लेकर वह रोज परेशान होते हैं। जनता उन्हें इसके लिए परेशान करती है। जब वह पेयजल विभाग के अभियंता को फोन करते हैं तो बताया जाता है कि बूटी से पानी नहीं आया। जब बूटी को फोन किया जाता है तो अभियंता बताते हैं कि रुक्का से ही पानी नहीं आया। फिर जब रुक्का को फोन किया जाता है तो बताया जाता है कि आज फुल लोड बिजली ही नहीं मिली। इस तरह रांची नगर निगम क्षेत्र में पेय जलापूर्ति पूरी तरह अव्यवस्थित है। इस पर मंत्री ने उनके साथ बैठक समेकित समाधान का आश्वासन दिया।


 

Tags - Jharkhand Ranchi drinking water supply problem CP Singh Minister Yogendra Prasad Mahto Jharkhand Assembly budget session