logo

हजारीबाग में शिक्षक दंपती की हत्या, IAS बनने की कर रहे थे तैयारी; घरवालों को नहीं पसंद था रिश्ता

lover4.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
यूपी की पूजा और झारखंड के हजारीबाग का राहुल दोनों दिल्ली में IAS बनने का सपना लिये पढ़ाई कर रहे थे। दोनों परीक्षा की तैयारी कर ही रहे थे कि दोनों में प्यार हो गया। इसके बाद राहुल पूजा को लेकर अपने गांव हजारीबाग के कुरहा आ गया। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। लेकिन परिवार वालों को यह रिश्ता पसंद नहीं था। परिजनों ने दोनों की हत्या कर दी और गांव के ही श्मशान में अंतिम संस्कार कर दिया। 


पूजा के पिता के आवेदन पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दोनों की अस्थियों की डीएनए जांच कराई जाएगी। इचाक थाना की पुलिस ने राहुल के पिता और भाई समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक राहुल और पूजा दो साल से कुरहा में रह रहे थे। दोनों कोचिंग सेंटर का संचालन करते थे। साथ ही आइएएस बनने के लिए परीक्षा की तैयारी भी कर रहे थे। इसी बीच दोनों 15 जून से लापता थे। दोनों की हत्या की सूचना के बाद शुक्रवार को पुलिस सक्रिय हुई। शुक्रवार को हत्यारों की तलाश और अन्य सुराग के लिए खोजी कुत्तों की मदद ली गई। पुलिस को हत्या से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। 


पिता ने दर्ज कराई एफआईआर
इधर यूपी के आजमगढ़ के रहने वाले पूजा यादव के पिता राम मूरत यादव ने बेटी की हत्या संबंधी आवेदन इचाक थाना में दिया है। जिसमें कहा गया है कि राहुल के पिता ने राहुल को संपति से बेदखल करने तथा पूजा को मायके से दहेज में मोटी रकम नहीं लाने के कारण मार कर जला दिया। राहुल और पूजा ने प्रेम विवाह किया था। जांच के दौरान शुक्रवार को यूपी से आए पूजा के पिता के अलावा, भाई बिनोद यादव, बहन डॉ. नीलम यादव और जीजा डा. हिमांशु यादव के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। जबकि, राहुल के परिजनों ने पुलिस से दूरी बना रखी थी। इससे परिजनों पर इस घटना से जुड़े होने का शक गहरा गया।