logo

झारखंड के विकास के लिए एक्सपर्ट ग्रुप बनाएगा टाटाः एन चंद्रशेखरन

tata8.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के अन्य आलाधिकारियों के साथ लंबी बैठक के बाद टाटा सन्स के चैयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा है कि झारखंड के विकास के लिए एक एक्सपर्ट ग्रुप (विशेषज्ञ पैनल) बनाया जाएगा। इस ग्रुप में टाटा कंपनी के विशेषज्ञों के अलावा राज्य सरकार के अधिकारी रहेंगे। यह ग्रुप झारखंड को विकसित राज्य बनाने की दिशा में अपनी सलाह देगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के सुझाव पर टाटा ग्रुप झारकंड में नॉलेज बेस्ड इंडस्ट्री स्थापित करने पर भी विचार करेगा। चंद्रशेखरन दो मार्च को मुख्यमंत्री आवास में सीएम हेमंत सोरेन टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि टाटा ग्रुप का सफर अनवरत और मजबूती के साथ आगे बढ़ता जाएगा।


एन चंद्रशेखरन ने कहा कि आज उनकी मुख्यमंत्री व राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर अच्छी बैठक हुई। उन्होंने बताया कि टाटा ग्रुप की शुरुआत झारखंड से हुई। फिर देश के अलावा इसका विस्तार वैश्विक स्तर पर हुआ। झारखंड में टाटा ग्रुप के कई बड़े प्लांट हैं। उनमें स्टील प्लांट, टाटा मोटर व अन्य शामिल है। टाटा रांची के स्मार्ट सिटी में फाइव स्टार होटल का भी निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील जमशेदपुर में अपनी उत्पादन इकाई में 'एडवांस्ड ग्रेड स्टील' (Advanced Grade Steel) विकसित करने जा रहा है। नयी तकनीक के कारण स्टील के उत्पादन में वृद्धि और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। यह तकनीक दूसरे स्टील कंपनियों को भी फायदा पहुंचाएगा। यह निवेश मुख्य रूप से उन्नत ग्रीन स्टील तकनीक और कम कार्बन उत्पादन के विकास पर केंद्रित होगा।


उन्होंने बताया कि टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में हाइड्रोजन से चलने वाले ट्रकों के निर्माण के लिए नया निवेश करेगी, जो घरेलू और वैश्विक दोनों बाजारों के लिए महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने बताया कि सीएसआर और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में टाटा ग्रुप लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के सुझाव पर टाटा ग्रुप सीएसआर की राशि खर्च करेगी।

Tags - Jharkhand Tata CM Hemant Soren Tata Sons Chairman N Chandrasekaran TV Narendran Avinash Kumar Expert Group