logo

मानगो नगर निगम चुनाव में सुधा गुप्ता को CPI-M का समर्थन, प्रत्याशी बोलीं- डेवलपमेंट ही मेरा सिंगल एजेंडा

TATA022111.jpg

जमशेदपुर 
मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता को मिल रहे समर्थन के बीच भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने भी आधिकारिक समर्थन देने की घोषणा की है। माकपा ने एक जनवादी मांग पत्र के आधार पर यह निर्णय लिया है।
जिला सचिव केपी सिंह की ओर से जारी समर्थन पत्र में कहा गया कि बिना अतिरिक्त कर का बोझ डाले बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की शर्त पर यह समर्थन दिया गया है। प्रमुख मांगों में पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल, सुदृढ़ ड्रेनेज और सीवेज सिस्टम, शत-प्रतिशत कचरा प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, बेहतर ट्रैफिक प्लान, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव और आवारा पशुओं का प्रबंधन शामिल है।


इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य, शिक्षा, पारदर्शी प्रशासन, ठेका व आउटसोर्स कर्मचारियों की कानूनी व सामाजिक सुरक्षा, समय पर वेतन भुगतान और नियमितीकरण को चुनावी एजेंडा का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया है। माकपा ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सुधा गुप्ता के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।
इधर, सुधा गुप्ता ने भी अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। उन्होंने खड़िया बस्ती, जवाहर नगर रोड नंबर 14, जनता पथ, गुडुरुबासा, कटकटडुंगरी, गजहडीह, बालीगुमा, मून सिटी बस्ती, राजीव पथ, उन्मत नगर, सर्वोदय पथ, चाणक्यपुरी, देवकुंज डिमना रोड और चंद्रावती नगर में पदयात्रा कर जनता से सीधा संवाद किया।


उन्होंने कहा कि मानगो का विकास केवल वादा नहीं, बल्कि उनका दृढ़ संकल्प है। “डेवलपमेंट ही मेरा सिंगल एजेंडा है और जनता के सहयोग से ही इसे साकार किया जाएगा।” सुधा गुप्ता ने 23 फरवरी को कार्पेट चुनाव चिन्ह (क्रम संख्या 11) पर मतदान कर विजयी बनाने की अपील की और कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए जनता का साथ जरूरी है।

Tags - Banna Gupta Support East Singhbhum CPIM Mango Civic Polls Development Agenda Mango Jharkhand Urban Election