द फॉलोअप डेस्क
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह आज रांची के इटकी में सफ़दर इमाम फाउंडेशन द्वारा स्थापित स्वर्गीय एस.के. इमामुद्दीन मेमोरियल लाइब्रेरी कम स्टडी सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अवसर और सामाजिक चेतना की एक दूरदर्शी शुरुआत बताया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अध्ययन केंद्र इटकी और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए आशा, आत्मविश्वास और प्रगति का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक अवसर पहुँचाकर समावेशी विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। ऐसे शैक्षणिक प्रयास युवाओं के सपनों को दिशा देते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने स्वर्गीय शेख इमामुद्दीन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में स्थापित यह केंद्र शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को सुदृढ़ करेगा तथा नई पीढ़ी को समर्पण और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।
.jpeg)
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गुरूजी परिवार द्वारा जिस तरह शिक्षा की जागृति आसपास के इलाकों में फैलाई गई है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। यह पहल लोगों के जीवन को बदलने की शुरुआत है। जिन बच्चों के घरों में परिस्थितियों के कारण किताबें आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं, उन्हें यहाँ एक सकारात्मक और अध्ययन का वातावरण मिलेगा, जिससे वे अपने जीवन में बहुत आगे बढ़ सकेंगे। शिक्षा ही वह माध्यम है जो जीवन में ज़मीन-आसमान का अंतर ला सकती है। इस अवसर पर झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव तनवीर आलम, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और आम नागरिक उपस्थित रहे।
