logo

'छात्रों की गूंज' में युवाओं की आवाज़ सुनने सरना छात्रावास पहुंचीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

dps_GOONJ.jpg

रांची 

राजधानी रांची के हरमू स्थित नवीन सरना कॉलेज छात्रावास में बुधवार को छात्रों की गूंज अभियान के तहत मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में हो रही देरी, बढ़ती बेरोज़गारी, महंगी शिक्षा और छात्रावास से जुड़ी मूलभूत समस्याओं से संबंधित बातें मंत्री के समक्ष रखा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संदेश को भी छात्रों ने सुना। वहीं छात्रों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि युवाओं की सबसे बड़ी मांग ईमानदार तरीके से परीक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समय पर रोजगार है।

युवाओं का आक्रोश केंद्र सरकार के खिलाफ

देश के युवाओं का आक्रोश केंद्र सरकार के खिलाफ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की गूंज केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के उन लाखों छात्रों की आवाज़ है, जो अपने भविष्य के लिए न्याय, समान अवसर और पारदर्शी व्यवस्था की उम्मीद रखते हैं। संवाद कार्यक्रम के पहले मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने नवीन सरना कॉलेज छात्रावास का निरीक्षण भी किया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और छात्रों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान छात्रों ने उन्हें छात्रावास में आधारभूत संरचना की कमी से अवगत कराया।

राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही

जिसके बाद दीपिका पांडेय सिंह ने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रावास की समस्याओं के समाधान को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समुचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को बेझिझक साझा किया। मंत्री ने भी उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए भरोसा दिलाया कि शिक्षा, रोजगार और छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों पर राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

Tags - Deepika Pandey Singh Students Ki Goonj Campaign Student WelfareStudent Interaction