logo

‘आरण्यक’ वन फिल्म महोत्सव का आगाज, प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण पर आधारित देश-विदेश की फिल्मों का हुआ प्रदर्शन

‘आरण्यक’ वन फिल्म महोत्सव का आगाज, प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण पर आधारित देश-विदेश की फिल्मों का हुआ प्रदर्शन

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Jharkhand News: झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (Government of Jharkhand) द्वारा आयोजित प्रथम ‘आरण्यक-झारखंड वन फिल्म महोत्सव’ का शुभारंभ (Aranyak Forest Film Festival) शनिवार को राजधानी रांची के डोरंडा में स्थित शौर्य ऑडिटोरियम में हुआ। महोत्सव का शुभारंभ प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख संजीव कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर उन्होंने कहा कि झारखंड में यह पहला फॉरेस्ट फिल्म महोत्सव है यह भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा। महोत्सव का आयोजन 28 से 30 नवंबर तक रांची के शौर्य ऑडिटोरियम में किया जा रहा है। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश की ऐसी फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो प्रकृति, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण, जनजातीय संस्कृति तथा मानव और पर्यावरण के बीच गहरे संबंधों को दर्शाती हैं। महोत्सव में स्पेन सहित भारत के विभिन्न क्षेत्रों की चुनिंदा फिल्मों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के विविध पहलुओं को प्रस्तुत किया गया।

चुनिंदा फिल्मों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के विविध पहलुओं को प्रस्तुत किया गया

प्रदर्शित प्रमुख फिल्मों में स्पेन की कार्लोस रोड्रिगेज एवं जेवियर रोसेस निर्देशित ‘लिम्नोस: ए नेचुरल हिस्ट्री ऑफ स्टेपी वेटलैंड्स’ शामिल है, जिसमें यूरोप के मौसमी आर्द्रभूमि क्षेत्रों की जैव विविधता और पारिस्थितिक तंत्र को दर्शाया गया है। चंदन प्रियदर्शी निर्देशित ‘गुटली मैन’ में कोलकाता के पर्यावरण कार्यकर्ता जस्मित सिंह अरोड़ा की प्रेरक पहल को दिखाया गया है, जो आम की गुठलियों के माध्यम से सामुदायिक वृक्षारोपण अभियान चला रहे हैं। रिवाज दियाली निर्देशित ‘लैंड ऑफ आवर फादर्स’ में भारत-नेपाल सीमा पर रहने वाले धिमाल समुदाय, हाथियों और बदलते प्राकृतिक परिवेश के बीच संबंधों तथा मानव-हाथी सहअस्तित्व (Human-elephant coexistence) की चुनौतियों को प्रस्तुत किया गया है। तनमय साहू निर्देशित ‘कॉर्बेट्स ट्रेल’ में प्रसिद्ध वन्यजीव जीवविज्ञानी डॉ. ए.जे.टी. जॉनसिंह की यात्रा के माध्यम से जिम कॉर्बेट की विरासत और वन्यजीव संरक्षण के इतिहास को दर्शाया गया है। सुष्मिता दत्ता एवं अतुल पुरती निर्देशित ‘चिन्हारी: द इंक ऑफ आइडेंटिटी’ में बैगा जनजाति की पारंपरिक गोदना कला, उसकी सांस्कृतिक पहचान और प्रकृति से जुड़े महत्व (Significance related to nature) को दर्शाया गया है।

जनजातीय समुदायों और संरक्षण संबंधी प्रयासों से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण मंच

विराज बावर्वा निर्देशित ‘गिर-अनटेम्ड लेगेसी’ में गिर राष्ट्रीय उद्यान और एशियाई सिंह के प्राकृतिक आवास की समृद्ध जैव विविधता को प्रस्तुत किया गया है। डोएल त्रिवेदी एवं गौतम पांडे निर्देशित ‘ग्यामो: क्वीन ऑफ द माउंटेन्स’ में हिम तेंदुए और उसके शावकों की खोज के माध्यम से हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र तथा इस संकटग्रस्त वन्यजीव के संरक्षण की चुनौतियों को दर्शाया गया है। इस फिल्म से प्रसिद्ध वन्यजीव फिल्म निर्माता एवं ग्रीन ऑस्कर विजेता माइक पांडे भी जुड़े हैं। इसके अतिरिक्त ईश्वर चक्रवर्ती निर्देशित ‘वांडरलस्ट’ में पश्चिम बंगाल के पारिस्थितिक एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को एक विदेशी यात्री की यात्रा के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। यह महोत्सव दर्शकों को विभिन्न प्राकृतिक भू-दृश्यों, वन्यजीवों, जनजातीय समुदायों और संरक्षण संबंधी प्रयासों से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण (Environmental Conservation) के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्रकृति के साथ मानव के संतुलित सहअस्तित्व का संदेश दिया जा रहा है। फिल्मकार निर्देशक निरंजन कुजूर, ईश्वर चक्रवर्ती, धीमान दास गुप्ता, मेघनाथ भट्टाचार्य, विनोद कश्यप को सम्मानित किया गया। वहीं, फोवा झारखंड अध्यक्ष भारती कुमार, पूनम रंजन,प्रधान मुख्य वन संरक्षक विश्वनाथ शाह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी रवि रंजन, वरीय वन अधिकारी डी वेंकटेश्वर लू, एस आर नटेश, पी आर नायडू, अवनीश चौधरी, पदाधिकारी दिनेश झा, राजीव कुमार, मिक्की कुमार, ऋषिकेश सज्जन, प्रिया कुमारी, पल्लवी भारती उपस्थित थे।

Tags - Aranyak Forest Film FestivalNature FilmsEnvironmental AwarenessEnvironment ProtectionForest DepartmentIndian Wildlife FilmsInternational Nature FilmsJharkhand News