द फॉलोअप, रांची
झारखंड प्रदेश राजद के पूर्व अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने आज श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्र यादव से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। संगठन और राजनीतिक मुद्दों पर लंबी चर्चा की। पांच अप्रैल को रांची आए तेजस्वी यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन पर मंथन किया। इस अवसर पर झारखंड में जारी एसआईआर पर भी चर्चा हुई। कहा गया कि भाजपा एसआईआर के माध्यम से छोटे छोटे राज्यों के क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। इसका मिल कर मुकाबला करने की जरूरत है। पार्टी संगठन और इसके छोटे-बड़े नेताओं का समन्वय बना कर एसआईआर पर पैनी नजर रखनी है। इस अवसर पर प्रदेश राजद के वरिष्ठ नेता कैलाश यादव भी मौजूद थे।

बैठक में कहा गया कि बिहार से शुरू हुआ SIR गैर भाजपाई सरकार के लिए मोदी सरकार चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर अत्यंत घातक कदम उठा रही है। घुसपैठिए एवं बांग्लादेशी के नाम पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध जाकर राज्यों में करोड़ो लोगों का वोटर लिस्ट से नाम काट दिया जा रहा है। गौतम सागर राणा ने कहा कि इसके लिए राजद को सजगता से काम करने की जरूरत है और राज्य इकाई को पंचायत स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश देने की जरूरत है।
