रांची:
रविवार (20 मार्च) को रांची के प्रभात तारा मैदान में झारखंड प्रदेश सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओम प्रकाश महतो ने की। बैठक का संचालन मोती साव ने किया। बैठक में सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापकों को सहायक अध्यापक नियमावली की अधिसूचना से हटाने पर चर्चा हुई। विभाग के फैसले पर शिक्षकों ने रोष प्रकट किया।

सीटेट को सहायक अध्यापक नियमावली में शामिल करें!
बैठक में शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो को संबोधित करते हुए मांग की गई कि सीटेट को सहायक अध्यापक नियमावली में शामिल किया जाए। सीटेट अध्यापकों ने ये भी कहा कि हम विशुद्ध रूप से झारखंडी हैं। यहां बाहरी-भीतरी का प्रश्न नहीं उठता। बैठक में आगे की रूपरेखा तय की गई। सर्वसम्मति से प्रदेश कमिटी का गठन भी किया गया।
बैठक में राज्य कमिटी का विस्तारीकरण किया गया
गौरतलब है कि सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापक संघ की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य कमिटी का विस्तारीकरण करना था ताकि मांगों को ज्यादा प्रभावी ढंग से शिक्षा मंत्री और संबंधित अधिकारियों तक रखा जा सके। बता दें कि पारा शिक्षकों के आंदोलन के पश्चात सरकार सहायक अध्यापक नियमावली लाई थी। इसमें पहले जो प्रस्ताव सामने आया था उसमें सीटेट और जेटेट दोनों का जिक्र किया गया था लेकिन बाद में सीटेट को हटा दिया गया।

असगर अली बने राज्यस्तरीय कमिटी के अध्यक्ष
बैठक में सर्वसम्मति से कमिटी का गठन किया गया। मोती साव को प्रदेश कमिटी का संरक्षक बनाया गया। असगर अली अध्यक्ष बनाए गये। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मो. सफीउल्लाह को मिली। संतोष पासवान प्रदेश महामंत्री नियुक्त किए गये। ओमप्रकाश महतो को प्रधान सचिव बनाया गया। उपाध्यक्ष पद का जिम्मा उमेश ठाकुर को मिला। निर्मल ठाकुर को प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रगति कुमारी बनाई गईं।
प्रदेश कमिटी में इन सहायक अध्यापकों को किया शामिल
सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापक संघ की प्रदेश कोर कमिटी में मो. इरफान, रवि कुमार, अजय कुमार पांडेय, देवेश्वर महतो और मखदुम अंसारी को शामिल किया गया। कमिटी ने बैठक में तय किया है कि जल्द ही शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो से मुलाकात कर उनको अपनी मांगों से अवगत करवाया जाएगा। विभागीय अधिकारियों से भी मुलाकात होगी।