द फॉलोअप डेस्क, रांची
अखिल भारतीय कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सभी दलों से परिसीमन विधेयक का विरोध करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने झामुमो को भी नसीहत दी है। उन्होंने कहा है कि झारखंड में आदिवासी प्रतिनिधित्व की रक्षा के लिए हमें एकजुट होना चाहिए। कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा इस विधेयक को कल संसद में पेश करने जा रही है। हमें पूरा विश्वास है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) भी इस सामूहिक प्रयास में शामिल होगा, खासकर इसलिए क्योंकि इस विधेयक का झारखंड की जनता पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। के राजू ने कहा है कि झामुमो के लिए इस विधेयक का विरोध करना केवल गठबंधन की एकजुटता का सवाल नहीं है, बल्कि यह आदिवासियों के राजनीतिक सशक्तीकरण और उनके प्रतिनिधित्व की रक्षा से जुड़ा अस्तित्व का प्रश्न है। के राजू के लिखित बयान के बाद अब झारखंड में एक बार फिर कांग्रेस और झामुमो के बीच की दरार के बढ़ने के संकेत दिखने लगे हैं।

प्रस्तावित विधेयक में राज्य में विधानसभा और लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। लेकिन इसके साथ ही आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों में आनुपातिक रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि करने के लिए कोई संवैधानिक संशोधन नहीं किया गया है। झारखंड की शासन व्यवस्था में आदिवासी प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखने के लिए वर्तमान 28 आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 42 करना आवश्यक है। हालांकि, इस विधेयक के प्रावधानों के तहत निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन वर्ष 1971 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा। इससे आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या अधिकतम 34 तक सीमित हो सकती है। इसका सीधा अर्थ होगा झारखंड की आदिवासी आबादी की राजनीतिक आवाज और उनके संवैधानिक अधिकारों का प्रभावी रूप से कमजोर होना। यही समुदाय झारखंड की पहचान और बुनियाद का अभिन्न हिस्सा है।
हमें विश्वास है कि झामुमो आदिवासी समुदाय के लंबे संघर्ष और कठिन प्रयासों से हासिल हितों से कभी समझौता नहीं करेगा और ऐसे विधेयक का समर्थन नहीं करेगा, जिसके माध्यम से सत्ता का केंद्रीकरण करने और देश के चुनावी परिदृश्य को एकतरफा तरीके से बदलने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा, इस विधेयक के तहत प्रस्तावित संस्थागत व्यवस्था भी लोकतंत्र की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है। प्रस्तावित परिसीमन आयोग में प्रधानमंत्री द्वारा चयनित सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और राज्य स्तर के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शामिल होंगे। इस आयोग को देशभर में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को नए सिरे से निर्धारित करने का व्यापक अधिकार दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी का दृढ़ विश्वास है कि सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों की लड़ाई की अपनी ऐतिहासिक विरासत के अनुरूप झामुमो कल संसद में परिसीमन विधेयक का विरोध करने में मजबूती से साथ खड़ा होगा।