logo

महाशिवरात्रि दर्दनाक हादसा : देवघर जा रही कार पेड़ से टकराई, ससुर-बहू की मौके पर मौत; बच्चा समेत 4 गंभीर

accident1478.png

चकाई/देवघर
महाशिवरात्रि के अवसर पर देवघर पूजा के लिए जा रहे एक परिवार पर रफ्तार का कहर टूट पड़ा। चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बसबूटिया मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
इस भीषण हादसे में कार सवार 70 वर्षीय कृष्णनंदन सिंह और उनकी पुत्रवधू रिंकू देवी (48 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक 10 वर्षीय बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है।


एक ही परिवार के छह लोग जा रहे थे देवघर
जानकारी के अनुसार जहानाबाद जिले के सिकंदरा प्रखंड के धधोर गांव से एक ही परिवार के छह सदस्य कार से देवघर पूजा-अर्चना के लिए निकले थे। बसबूटिया मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया।
हादसे के बाद कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। घायलों में ललन कुमार सिंह, प्रिया भारती, खुशबू भारती और 10 वर्षीय गणेश शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है।


पुलिस जांच में जुटी, झपकी आने की आशंका
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर चंद्रमंडी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर देवघर सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ। ड्राइवर भी घायल है और पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है। कार को जब्त कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


 

Tags - Fatal Car Crash Jehanabad News Family Accident Case Police Investigation Bihar Breaking News