logo

साहिबगंज : विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने को विशेष बाइक दस्ता गठित, DC-SP ने दिखाई हरी झंडी

ssb1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
साहिबगंज जिला प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण एवं रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक विशेष बाइक दस्ता का गठन किया गया है। इसी क्रम में आज उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया, जिसमें नवप्राप्त सोलह अपाची, चार रॉयल एनफील्ड बाइक गश्ती बाइकों के माध्यम से शहर में शक्ति प्रदर्शन किया गया। दो पहिया पेट्रोलिंग वाहन को आज समाहरणालय परिसर, साहिबगंज में उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह द्वारा  झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
फ्लैग मार्च समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर अंजुमन नगर मार्ग, रसूलपुर मार्ग, एल सी रोड, कॉलेज रोड, पूर्वी फाटक, सुभाष चौक मार्ग होते हुए पुनः समाहरणालय परिसर में सम्पन्न हुआ। इस मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया एवं यह सुनिश्चित किया गया कि प्रशासन पूर्णतः सतर्क एवं सजग है।

फ्लैग मार्च में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के साथ उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, पुलिस उपाधीक्षक और विभिन्न थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भी बाइक पर सवार होकर हिस्सा लिया। मोबाइल टाइगर दस्ते के जवानों की भागीदारी से यह मार्च अत्यंत अनुशासित एवं प्रभावशाली रहा।
इस अवसर पर उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु यह विशेष बाइक  क्रय किया गया  जिससे खासकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यह दस्ता न सिर्फ कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ाएगा।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि इन बाइकों का उपयोग नियमित पेट्रोलिंग के साथ-साथ विशेष अवसरों पर भी किया जाएगा, जिससे अपराध पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने बाइक दस्ते के संचालन की प्रक्रिया एवं तत्परता पर भी संतोष व्यक्त किया।



 

Tags - Sahibganj News Sahibganj News Updates latest jharkhand News jharkhand Updates latest updates Jharkhand Updates  latest jharkhand news latest updates in jharkhand jharkhand Updates in Hindi