logo

"समोसा लेकर आता हूं, सब साथ बैठकर खाएंगे" कहकर निकला इकलौता फौजी बेटा, सुबह फंदे पर लटका मिला शव

ghfhg.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित HEC के HMTP स्टैंड के पास सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक युवक का शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे पेड़ से लटका देखा। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अमन कुमार यादव के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना में कार्यरत थे। अमन जगन्नाथपुर शिव मंदिर के समीप के रहने वाले थे। अमन को अपनी शादी के लिए एक महीने की छुट्टी मिली थी। सोमवार को ही उनका टिकट दिल्ली के लिए कंफर्म था और उन्हें ड्यूटी जॉइन करनी थी। परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम अमन अपनी बाइक लेकर यह कहकर घर से निकले थे कि "समोसा पैक कराकर लाता हूं, सब साथ बैठकर खाएंगे।" लेकिन वे वापस नहीं लौटे। रात 11 बजे के बाद उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ आने लगा, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई। सोमवार सुबह सोशल मीडिया के जरिए परिवार को इस अनहोनी की खबर मिली।
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सेना की टीम और फोटोग्राफर ने भी अपने स्तर पर जांच की। करीब 6 घंटे तक धुर्वा और जगन्नाथपुर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। देर शाम शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया गया है। वहीं, मृतक की पत्नी ने धुर्वा थाने में आवेदन देकर हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ पति की हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। अमन अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी एक छोटी बहन अर्चना है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। अमन का विवाह बीते 20 फरवरी को सेल सिटी की सोनी कुमारी के साथ बड़े धूमधाम से हुआ था। 22 फरवरी को ही उनके घर पर रिसेप्शन (स्वागत समारोह) का आयोजन किया गया था, जिसमें सैकड़ों मेहमान शामिल हुए थे। हाथों की मेहंदी छूटने से पहले ही मांग का सिंदूर उजड़ जाने से पत्नी सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां रमिता देवी और पिता प्रमोद कुमार यादव (सेवानिवृत्त फौजी) इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

 

Tags - HEC HMTP Ranchi news Aman Kumar Yadav Ranchi Ranchi crime news Army soldier found hanging Ranchi Dhurwa police investigation Ranchi latest news today Ranchi HEC area news FSL investigation Ranchi Dhurwa Ranchi incident