द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा उपायुक्त कंचन सिंह ने जिले के ईवीएम (EVM) वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मशीनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखा जाए तथा नियमित अंतराल पर सुरक्षा जांच अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।.jpeg)
उन्होंने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों, सुरक्षा गार्डों की तैनाती तथा प्रवेश एवं निकास रजिस्टर की जांच की। इसी क्रम में उपायुक्त ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी उपकरण सही अवस्था में रहें और किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ईवीएम वेयरहाउस में तैनात सुरक्षाबलों की लॉग बुक और ड्यूटी चार्ट की भी समीक्षा की। उन्होंने सशस्त्र सुरक्षा बलों को अपने दायित्वों के प्रति सतर्क, संवेदनशील और सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोपरि है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।