logo

पाकुड़ : ठेकेदार की लापरवाही से गंभीर हादसा, गड्ढे में गिरकर युवक घायल; मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण

पक्क.jpg

पाकुड़/नंदलाल तुरी
पाकुड़ सदर प्रखंड के महेशपुर रोड, समाहरणालय के समीप कोलाजोड़ा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। बताया जा रहा है कि आसनडिपा गांव का एक युवक कल शाम मोटरसाइकिल से इसी सड़क से गुजर रहा था। सड़क पर ठेकेदार द्वारा 7 से 8 फीट गहरे गड्ढे खोदकर आधा रास्ता खुला छोड़ दिया गया था, जिसकी सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया था। मोटरसाइकिल सवार युवक इसी गड्ढे में गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बंगाल रेफर कर दिया गया। युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना के आक्रोश में आसनडिपा के ग्रामीणों ने आज दोपहर 1 बजे से कोलाजोड़ा गांव स्थित मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया है। सड़क के दोनों ओर बड़ी गाड़ियों की लंबी कतार लग चुकी है, जिससे आम लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सड़क जाम हुए लंबा समय हो गया है, लेकिन अभी तक (खबर लिखे जाने तक) पुलिस प्रशासन या कोई भी प्रशासनिक पदाधिकारी जाम स्थल पर नहीं पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गुस्साए ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनकी प्रमुख मांगें हैं कि सड़क पर खोदे गए सभी गड्ढों के किनारे तुरंत सुरक्षा के लिए बैरिकेड की व्यवस्था की जाए। साथ ही, घायल और इलाजरत युवक को उचित मुआवजा दिया जाए और उसके इलाज का पूरा खर्च उठाया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण सड़क जाम जारी है, जिसने पाकुड़ में यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से ठप कर दिया है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar pakur news pakur khabar pakur update