logo

पंडरा डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा, नागपुरी अभिनेता ने इश्क की खातिर किया था कत्ल

pandra.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के पंडरा में हुए डबल मर्डर को नागपुरी अभिनेता ने अंजाम दिया था। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि नागपुरी अभिनेता राम मुंडा ने इस वारदात को इश्क की खातिर अंजाम दिया था। दरअसल, मृतक बिरसा की बेटी से राम मुंडा का प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन, बिरसा इस रिश्ते के खिलाफ था। उसने राम मुंडा को अपनी बेटी से दूर रहने को कहा था। साथ ही कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद राम मुंडा ने पूरी प्लानिंग के तहत वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे हथियार मुहैया कराने वाले आरोपी अलाउद्दीन अंसारी को भी गिरफ्तार किया है। 


हथियार को पुलिस ने किया बरामद
पुलिस हिरासत में उसने बताया कि उसने पूरी प्लानिंग के तहत वारदात को अंजाम दिया है। पहले हथियार खरीदा और उसे मार दिया। आरोपी का कहना है कि वह केवल बिरसा को मारना चाहता था लेकिन, उसकी पत्नी सोनी ने हमें देख लिया था इसलिए उसे भी रास्ते से हटा दिया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए गये हथियार को बरामद कर लिया है। 


क्या है मामला
गौरतलब है कि 21 फरवरी को पंडरा इलाके में 2 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिस्का मोड़ जनक नगर रोड नंबर 4 में बिरसा अपनी तीसरी पत्नी के साथ रहता था। झोपड़ीनुमा घर में पत्नी-पत्नी दोनों साथ रहते थे। बुधवार की शाम घर के बाहर चेयर लगाकर बैठा हुआ था, तभी गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पत्नी अंदर कमरे में थी। गोली की आवाज सुनकर पत्नी जैसे ही कमरे से बाहर निकली तो अपराधियों ने उसे भी गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई।