द फॉलोअप डेस्कः
आज झारखंड कैबिनेट की बैठक है। चंपाई सोरेन सरकार की यह दूसरी बैठक है। अभी तक मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हुआ है इस कारण से सीएम के साथ केवल दो मंत्री ही होंगे। जिसमें मंत्री आलमगीर आलम व सत्यानंद भोक्ता शामिल हैं। 16 फरवरी को मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा। बता दें कि राज्य सरकार पूर्व में एमएसएमई पॉलिसी लागू कर चुकी है। अब इसे कानून का रूप दिया जा रहा है। आज एमएसएमई एक्ट का प्रस्ताव आ सकता है। इस प्रस्ताव के तहत उद्योग लगाने के लिए राज्य सरकार द्वारा बनाये गये कानून तीन वर्षों तक एमएसएमई पर लागू नहीं होगा। लाइसेंस के लिए वे सेल्फ सर्टिफिकेशन करेंगे। उसे ही सरकार मान लेगी।

2 फरवरी को हुई थी पहली बैठक
इससे पूर्व 2 फरवरी को चंपाई सोरेन ने मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण करने के बाद तुरन्त झारखंड कैबिनेट की बैठक की थी और सरकार के प्राथमिकताओ को गिनाया था। सीएम ने कहा था कि ये सरकार ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र तक को विकास की योजनाओं से सालों तक दूर रखा गया पर हेमंत सोरेन ने इस दिशा में काम किया। हम उन योजनाओं को और काम को हम तेजी से आगे बढ़ाएंगे ताकि दोनों क्षेत्र और हर वर्ग लाभ मिल सके। सभी क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए जनहित में कार्य करेंगे।
