logo

सरायकेला : ग्लोरिया इंजीनियरिंग में फटा गैस सिलेंडर, 5 मजदूर झुलसे; एक की हालत गंभीर

Screenshot_2026-07-30_144607.jpg

सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। कंपनी परिसर में काम के दौरान गैस सिलेंडर फटने से पांच मजदूर झुलस गये हैं। हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
 घटना की पूरी जानकारी 
जानकारी के अनुसार, बी-33 स्थित कंपनी परिसर में दोपहर करीब 12:30 बजे मजदूर अपने काम में लगे थे, तभी अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज से कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत सभी घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सभी को जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने एक मजदूर की स्थिति नाजुक बतायी है, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है।
सिलेंडर विस्फोट की वजहों का पता लगाने में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है। सिलेंडर विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे को लेकर कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tags - Adityapur Factory Blast Jamshedpur Industrial Accident Jharkhand News